अपडेटेड 9 October 2024 at 13:09 IST

Haryana Election Results 2024: इस बार हरियाणा को मिलीं 13 महिला MLA, जानिए किसे मिली कहां से जीत?

कांग्रेस प्रत्याशियों में विनेश फोगाट ने जुलाना विधानसभा सीट से जबकि पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस प्रत्याशी गीता भुक्कल ने झज्जर सीट से जीत हासिल की। मंजू चौधरी ने नांगल चौधरी सीट से विजयी परचम लहराया।

Follow : Google News Icon  
Haryana Election Results 2024
जीतने वाली महिला उम्मीदवार | Image: PTI

Haryana Election Results 2024: हरियाणा में 90 सदस्यीय विधानसभा में इस बार 13 महिला प्रत्याशी निर्वाचित हुई हैं। राज्य के लिए मंगलवार को घोषित किए गए चुनावी नतीजों से यह जानकारी मिली है।

हरियाणा में 2019 के विधानसभा चुनाव में आठ महिला उम्मीदवार विधायक बनी थीं। राज्य में पांच अक्टूबर को हुए चुनाव में 464 निर्दलीय और 101 महिलाओं समेत कुल 1,031 उम्मीदवार मैदान में थे। राज्य विधानसभा में निर्वाचित हुईं पांच महिला विधायक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से और सात कांग्रेस से हैं।

हिसार से जीतीं सावित्री जिंदल

निर्दलीय प्रत्याशी सावित्री जिंदल ने हिसार विधानसभा सीट से जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस के राम निवास राड़ा को 18,941 मतों के अंतर से हराया। जिंदल कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद एवं उद्योगपति नवीन जिंदल की मां हैं।

भाजपा प्रत्याशी शक्ति रानी शर्मा ने कालका सीट से जीत दर्ज की जबकि कृष्णा गहलावत ने राई विधानसभा सीट से जीत दर्ज की।

Advertisement

किरण चौधरी की बेटी ऋुति को भी मिली जीत

भाजपा उम्मीदवार ऋुति चौधरी ने तोशाम से विजयी परचम लहराया जबकि पार्टी उम्मीदवार एवं केंद्रीय मंत्री राव इंदरजीत सिंह की बेटी आरती सिंह ने अटेली सीट से जीत हासिल की। ऋुति चौधरी भी भाजपा सांसद किरण चौधरी की बेटी हैं। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री बंसी लाल की बहू किरण चौधरी इस साल जून में कांग्रेस से भाजपा में शामिल हो गयी थीं। भाजपा की बिमला चौधरी ने पटौदी विधानसभा सीट से जीत दर्ज की। 

जुलाना से विनेश फोगाट ने लहराया परचम

कांग्रेस प्रत्याशियों में विनेश फोगाट ने जुलाना विधानसभा सीट से जबकि पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस प्रत्याशी गीता भुक्कल ने झज्जर सीट से जीत हासिल की। कांग्रेस की शैली चौधरी ने नारायणगढ़ सीट से जबकि शकुंतला खटक ने कलानौर सीट से जीत दर्ज की। पूजा ने मुलाना विधानसभा सीट और रेनू बाला ने सढौरा सीट से जीत हासिल की।

Advertisement

कांग्रेस प्रत्याशी मंजू चौधरी ने नांगल चौधरी सीट से विजयी परचम लहराया।

यह भी पढ़ें: Mamman Khan: जिस पर नूंह हिंसा भड़काने के आरोप,उसने बनाया रिकॉर्ड; दर्ज की हरियाणा में सबसे बड़ी जीत

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 9 October 2024 at 13:08 IST