अपडेटेड 9 October 2024 at 12:00 IST
Mamman Khan: जिस पर नूंह हिंसा भड़काने के आरोप,उसने बनाया रिकॉर्ड; दर्ज की हरियाणा में सबसे बड़ी जीत
पिछले साल जुलाई में हरियाणा के नूंह में सांप्रदायिक हिंसा भड़की थी। कांग्रेस विधायक मामन खान को पुलिस ने हिंसा भड़काने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

Ferozepur Jhirka Assembly Constituency Result: हरियाणा में कांग्रेस पार्टी ने अपनी पहली ही लिस्ट में नूंह दंगा के आरोपी मामन खान को टिकट थमा दिया था। सांप्रदायिक झड़पों के बावजूद 5 अक्टूबर को हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में मामन खान को नूंह की जनता ने अपने सिर आंखों पर बैठाया है। 8 अक्टूबर को घोषित हरियाणा चुनाव नतीजों में मामन खान ने रिकॉर्ड जीत हासिल की है। मामन खान ऐसे नेता बने हैं, जिन्हें हरियाणा में सबसे ज्यादा वोटों से जीत मिली है।
नूंह हिंसा के आरोपी और कांग्रेस नेता मामन खान ने फिरोजपुर झिरका विधानसभा सीट से 98441 वोटों के रिकॉर्ड अंतर से जीत हासिल की। उनकी जीत का अंतर गढ़ी सांपला-किलोई में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के 71465 वोटों से भी ज्यादा था। मामन खान को 130497 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी के नसीम अहमद सिर्फ 32056 वोट हासिल कर पाए। फिरोजपुर झिरका सीट से कुल 8 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनसे से मुख्य मुकाबला बीजेपी के नसीन अहमद और कांग्रेस के मामन खान के बीच ही थी। इनेलो ने इस सीट से मोहम्मद हबीब को टिकट दिया था। आम आदमी पार्टी से वसीम जफर और जेजेपी से जान मोहम्मद खड़े थे। उसके अलावा 3 निर्दलीय भी फिरोजपुर झिरका सीट से चुनाव लड़ रहे थे।
मामन खान पर नूंह में हिंसा भड़काने का आरोप
पिछले साल जुलाई में हरियाणा के नूंह में सांप्रदायिक हिंसा भड़की थी। 31 जुलाई 2023 को हिंदू संगठन ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा निकाल रहे थे। नल्हड के शिव मंदिर से यात्रा आगे बढ़ रही थी, जहां लोगों की भारी भीड़ थी। इसी ब्रजमंडल यात्रा पर पथराव किया गया था। पास की पहाड़ी से गोलियां चल रही थीं। इससे नूंह जिला हिंसा की चपेट में आ गया। हिंसा में 6 लोग मरे थे, जिसमें 2 पुलिसकर्मी शामिल थे। इस मामले में हिंसा भड़काने वाले लोगों में मामन खान का नाम आया था। बाद में नूंह पुलिस ने मामन खान को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि बाद में वो जमानत पर बाहर आ गए।
कांग्रेस ने मामन खान पर फिर भरोसा जताया
कांग्रेस ने इसके बावजूद मामन खान पर भरोसा जताया और चुनाव में उतारा। अभी चुनाव नतीजे आने के बाद मामन खान को बड़ी जीत मिली। फिरोजपुर झिरका के कांग्रेस नेता ने 2019 के हरियाणा विधानसभा चुनावों में नसीम अहमद को 37,004 वोटों के अंतर से हराकर 57.62 प्रतिशत वोट शेयर हासिल करके सीट जीती। 2014 के चुनावों में इनेलो के अहमद ने 29.47 प्रतिशत वोट शेयर के साथ मामन खान को 3245 वोटों से हराया।
Advertisement
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 9 October 2024 at 12:00 IST