Haryana: नहीं भांप पाए हवा का रुख... चुनाव से 2 दिन पहले पाला बदलने वाले अशोक तंवर के साथ हुआ 'खेला'
कांग्रेस में शामिल होने के बाद अशोक तंवर ने कहा था, "हरियाणा में अब बदलाव की हवा चल पड़ी है, वो हवा कांग्रेस पार्टी को सत्ता में लाएगी।"
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

Haryana Assembly Election Results 2024: हरियाणा चुनाव 2024 के परिणाम ने हर किसी को चौंकाया। तमाम एग्जिट पोल्स को नकारते हुए हरियाणा में लगातार तीसरी बार 'कमल' खिला। ऐसे में हरियाणा चुनाव में जो 'हवा का रूख' बदलने का दावा कर रहे थे, उनके साथ खेला हो गया।
यहां बात अशोक तंवर की हो रही है। वहीं, अशोक तंवर जिन्होंने हवा का बदलता रूख देखते हुए मतदान से 48 घंटे पहले घर वापसी की थीं। BJP छोड़ कांग्रेस में शामिल होने वाले तंवर सियासी मौसम भांपने से चूक गए। हरियाणा चुनाव के नतीजों ने उनके राजनीतिक भविष्य पर सवालिया निशान लगा दिया है।
BJP के लिए रैली करने के बाद कांग्रेस में हुए थे शामिल
5 अक्टूबर को हरियाणा चुनाव के लिए मतदान था। मतदान के लिए चुनाव प्रचार थमने से पहले अशोक तंवर एकाएक तब चर्चाओं में आ गए, जब उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया। वह गुरुवार (3 अक्टूबर) को राहुल गांधी की रैली में कांग्रेस में शामिल हो गए थे। इससे घंटाभर पहले ही अशोक तंवर ने BJP के लिए चुनाव प्रचार किया था।
कांग्रेस में शामिल होने से घंटेभर पहले अशोक तंवर जींद की सफीदो विधानसभा सीट से BJP उम्मीदवार रामकुमार गौतम के समर्थन में हुई रैली में स्टेज पर थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर रैली की तस्वीरें भी पोस्ट की। इस दौरान उन्होंने राज्य में तीसरी बार BJP की सरकार बनाने की जनता से अपील की थी। फिर कांग्रेस में शामिल होने के बाद पोस्ट को डिलीट कर दिया।
Advertisement
नहीं भांप पाए हवा का रुख
मतदान से ठीक पहले अशोक तंवर के कांग्रेस में शामिल होना BJP के लिए बड़ा झटका माना जा रहा था। सोशल मीडिया पर भी इसकी खूब चर्चाएं हुई। कांग्रेस में शामिल होने के बाद अशोक तंवर ने कहा था, "हरियाणा में अब बदलाव की हवा चल पड़ी है, वो हवा कांग्रेस पार्टी को सत्ता में लाएगी।"
हरियाणा चुनाव के नतीजों ने कांग्रेस को तो बड़ा झटका दिया ही। साथ ही साथ अशोक तंवर के साथ भी 'खेला' हो गया। सवाल उठने लगा है कि उनके राजनीतिक भविष्य का अब आगे क्या होगा?
Advertisement
5 सालों में कई बार बदलीं पार्टियां
देखा जाए तो अशोक तंवर पाला बदलने में माहिर हैं। पिछले पांच सालों में वह कई बार पार्टियां बदल चुके हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ मतभेदों के चलते साल 2019 में उन्होंने पार्टी छोड़ी थीं। अप्रैल 2022 में उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) का दामन थामा था। AAP से पहले अशोक तंवर कुछ समय के लिए तृणमूल कांग्रेस ( TMC ) में भी रहे थे। वहीं, 20 जनवरी 2024 को AAP छोड़कर उन्होंने BJP ज्वॉइन की थी। हरियाणा चुनाव के दौरान उन्होंने कांग्रेस में घर वापसी की।