'देश की समस्याएं कांग्रेस की देन, कांग्रेस समस्या का नाम है, BJP समाधान...' हरियाणा में गरजे CM योगी
सीएम योगी ने कहा कि मैं इसीलिए कहता हूं कांग्रेस (Congress) समस्या का नाम है। देश की जितनी भी समस्याएं यह सब कांग्रेस की देन है।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

Haryana Assembly Elections: हरियाणा में चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ( BJP ) के दिग्गज धुंआधार चुनाव प्रचार कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरियाणा में कई रैलियों को संबोधित किया। सीएम योगी के संबोधन में कांग्रेस पार्टी उनके निशाने पर रही।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 1947 में देश की आजादी के बाद अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण तत्काल होना चाहिए था। विवाद भी नहीं था। कांग्रेस की सरकार चाहती तो तत्काल निर्णय लेती, कांग्रेस ने विवाद खड़ा करके बैरियर खड़े करवाए। कांग्रेस जिस समस्या का समाधान 65 वर्षों में नहीं कर पाई 2014 में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने, 2017 में पीएम मोदी के आशीर्वाद और उनके आवाहन पर उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी और 2019 में राम मंदिर का विवाद सदैव के लिए समाप्त हो गया।
कांग्रेस देश की समस्या का नाम, BJP समाधान- सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि मैं इसीलिए कहता हूं कांग्रेस ( Congress ) समस्या का नाम है। देश की जितनी भी समस्याएं यह सब कांग्रेस की देन है। देश के विभाजन की त्रासदी हो, देश के बंटवारे की त्रासदी हो, देश को जाति के नाम पर, क्षेत्र के नाम पर, भाषा के नाम पर कमजोर करने की बात हो, देश को आतंकवाद, नक्सलवाद, उग्रवाद और अपाजरता की भट्टी में धकेलना का काम, देश में भ्रष्टाचार परिवारवाद और भाई-भतीजावाद की प्रवृति को फैलाने का काम रहा हो, यह सभी कांग्रेस की देन है। कांग्रेस देश की समस्या का नाम है और दूसरी और भारतीय जनता पार्टी ( BJP ) समाधान है।
Advertisement
हरियाणा में फिर से डबल इंजन की सरकार बननी चाहिए- सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा हरियाणा में फिर से डबल इंजन की सरकार बननी चाहिए। पिछले 10 सालों में कनेक्टिविटी में हरियाणा में जो विकास हुआ है, चाहे वो मेट्रो हो, हाईवे हो, एक्सप्रेसवे हो यहां कई संस्थाएं खुली हैं। ये विकास इसी गति से जारी रहना चाहिए, इसके लिए हर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार को जिताएं।