अपडेटेड 27 January 2025 at 12:17 IST
'अरविंद केजरीवाल अपने ऊपर करवा सकते हैं हमला...', BJP के नेता क्यों कर रहे हैं दावा? अमृतसर की घटना पर भी AAP को घेरा
संबित पात्रा ने दावा किया कि अभी खबर आई है। हम सच्चाई के साथ हैं और एक खबर आई है बहुत बड़ी। अरविंद केजरीवाल अपने ऊपर एक हमला करवाएंगे कुछ ही दिनों में।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

Delhi Assembly Elections: दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान अरविंद केजरीवाल पर एक हमला हो सकता है। भारतीय जनता पार्टी के नेता ये शक जता रहे हैं और आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक खुद अपने ऊपर हमला करवा सकते हैं। वीरेंद्र सचदेवा की मौजूदगी में संबित पात्रा ने दावा किया है कि कुछ दिनों में ही केजरीवाल अपने ऊपर हमला करवा सकते हैं।
बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने अपने बयान में कहा कि 'अभी खबर आई है। हम सच्चाई के साथ हैं और एक खबर आई है बहुत बड़ी। अरविंद केजरीवाल अपने ऊपर एक हमला करवाएंगे कुछ ही दिनों में।' संबित पात्रा ने कहा 'केजरीवाल की एक टैक्नीक है कि पहले खुद हमला करवाएंगे, फिर रोना धोना और सहानुभूति बंटोरनी की कोशिश होगी।' बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि अगर अरविंद केजरीवाल ये ड्रामा करवाने वाले हैं तो उनसे अनुरोध है कि ये ड्रामा ना करवाएं। अपने ऊपर हमला मत करवाइए।
दिल्ली का चुनाव जनता vs जमानती- संबित पात्रा
दिल्ली चुनाव को लेकर संबित पात्रा ने कहा कि जो पूरा इलेक्शन चल रहा है वो जनता vs जमानती है। आम आदमी पार्टी के सभी बड़े नेता आज जमानत पर बाहर हैं। ये ठीक वैसा ही हाल है जो कांग्रेस पार्टी का है। आम आदमी पार्टी के नेताओं का वही हश्र होने वाला है, जो पूरे देश में कांग्रेस पार्टी के नेताओं का हुआ है।
Advertisement
संबित पात्रा ने AAP नेताओं का काला चिठ्ठा खोला
संबित पात्रा ने इस दौरान आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर दर्ज मुकदमों की लंबी फेहरिस्त गिनवाई। उन्होंने कहा- 'शराब घोटाले मामले में केजरीवाल जमानत पर बाहर हैं। कोरोना में जब लोग सेवा में लगे थे, दिल्ली में त्राहिमाम था, तब अरविंद केजरीवाल शीशमहल बनवाने में लगे हुए थे। स्वाति मालीवाल की पिटाई का मामला भी सभी को पता है। 13 क्रिमिनल केस अरविंद केजरीवाल के खिलाफ हैं।'
संबित पात्रा ने आगे कहा- 'आतिशी भी दिल्ली शराब घोटाले में आरोपी हैं और वो दोबारा मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रही हैं। मनीष सिसोदिया भी आज बेल पर बाहर हैं। मनी लॉन्ड्रिंग, भ्रष्टाचार और शराब घोटाला मामले में वो आरोपी हैं। सिसोदिया को शिक्षा मंत्री रहते 12 हजार कमरे बनवाने थे, लेकिन लगभग 2 हजार करोड़ रुपये का घोटाला उसमें किया गया। सुल्तानपुर की कोर्ट ने संजय सिंह को एक मामले में उन्हें दोषी ठहराया। उस केस में 3 महीने जेल की सजा हुई। संजय सिंह पर अग्निपथ योजना को लेकर भ्रम फैलाने के आरोप हैं।' संबित पात्रा ने इस दौरान सत्येंद्र जैन, दुर्गेश पाठक, अमानतुल्लाह खान और विभव कुमार के ऊपर लगे आरोपों को भी विस्तार से बताया।
Advertisement
अमृतसर की घटना पर भी AAP को घेरा
पंजाब के अमृतसर में बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा तोड़ने के मामले पर बीजेपी ने आम आदमी पार्टी को घेरा है। संबित पात्रा ने कहा कि एक व्यक्ति बाबा साहब के मूर्ति पर चढ़कर उस पर कुठाराघात करता है। इतने बड़े हथौड़े को लाना, उस मूर्ति पर चढ़ना और फिर उसपर कुठाराघात करना किसी ने नहीं रोकी। अरविंद केजरीवाल के सामने बाबा साहेब का अपमान होता है और पूरी टीम चुप रहती है। संबित पात्रा ने केजरीवाल को चैलेंज करते हुए कहा कि झूठ और फरेब की घोषणा करने से पहले अरविंद केजरीवाल अमृतसर जाएं, बाबासाहेब की जिस प्रतिमा को तोड़ा गया है, उसके सामने सिर झुका कर मांफी मांगे और अपने पद से इस्तीफा दें।
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 27 January 2025 at 12:17 IST