अपडेटेड 3 December 2025 at 08:40 IST
Delhi MCD By Election Result: 12 वार्डों में हुए उपचुनावों के नतीजे आज, 51 प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला; वोटों की गिनती शुरू
दिल्ली नगर निगम 12 वार्डों में हुए उपचुनावों के नतीजे आज आएंगे। कड़ी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती शुरू हो गई है। उपचुनाव में मतदान प्रतिशत 38.51 प्रतिशत रहा था।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

दिल्ली नगर निगम (MCD) के 12 वार्डों में हुए उपचुनाव के नतीजे आज, 3 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है। मतगणना के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उपचुनाव में मतदान प्रतिशत 38.51 प्रतिशत रहा था। अब 51 प्रत्याशियों के भाग्य का बुधवार को फैसला होगा।
दिल्ली के जिन 12 वार्ड में 30 नवंबर को मतदान हुआ था, उनमें से 9 पर पहले भारतीय जनता पार्टी का और शेष तीन पर आम आदमी पार्टी का कब्जा था। अब आज आना वाला परिणाम सत्तारूढ़ भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस तीनों के लिए लिटमस टेस्ट है। दिल्ली की इन 12 सीटों पर कुल 51 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें 26 महिलाएं भी शामिल हैं।
जिन 12 वार्डों के नतीजे आज आएंगे-
- ग्रेटर कैलाश
- चांदनी चौक
- शालीमार बाग (बी)
- अशोक विहार
- संगम विहार (ए)
- चांदनी महल
- डिचाओं कलां
- नारैना
- दक्षिणपुरी
- मुंडका
- विनोद नगर
- द्वारका (बी)
दिल्ली की जनता समझदार है-भाजपा उम्मीदवार
MCD उपचुनाव के मतगणना पर दक्षिणपुरी वार्ड 164 की भाजपा उम्मीदवार रोहिणी राज ने कहा, "हमने अपनी तरफ से पूरी मेहनत की, जनता के पास गए मुद्दों की बात की। अब तक क्षेत्र में जो भी अव्यवस्था रही है वो सब जनता जानती है और जनता बदलाव चाहती थी, मुझे पूरा यकीन है कि जनता ने बदलाव के लिए वोट किया होगा। दिल्ली की जनता समझदार है सोच-समझकर वोट करती है जनता का जो भी फैसला होगा वो हमारी सर आंखों पर होगा।"
उपचुनाव में मतदान प्रतिशत 38.51
दिल्ली नगर निगम उपचुनाव के लिए 30 नवंबर को सुबह 8 बजे से शाम 5:30 बजे तक मतदान हुआ था। 12 वार्डों में कुल 580 मतदान केंद्र बनाए गए थे। सभी 580 पोलिंग बूथों पर 100% लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई थी। उपचुनाव में मतदान प्रतिशत 38.51 प्रतिशत रहा था चांदनी महल में सबसे ज्यादा 55.93 परसेंट वोटिंग हुई और ग्रेटर कैलाश में सबसे कम 26.75 प्रतिशत मतदान हुआ था।
Advertisement
51 प्रत्याशियों के किस्मत का होगा फैसला
कुल 12 वार्डों के लिए 10 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव आयोग ने बताया कि सभी मतगणना केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, पर्याप्त सुरक्षा बल, अग्निशमन व संचार व्यवस्था तथा मीडिया व राजनीतिक दलों के एजेंटों के लिए अलग‑अलग व्यवस्था की गई है। 51 प्रत्याशियों के भाग्य का बुधवार को फैसला होगा।
Advertisement
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 3 December 2025 at 08:32 IST