अपडेटेड 5 February 2025 at 09:22 IST

दिल्ली में मतदान के बीच केजरीवाल के लिए बुरी खबर...अमातुल्लाह ही नहीं, एक और AAP नेता पर FIR, महिलाओं की ओर किया था ऐसा इशारा

दिल्ली में चुनाव के बीच AAP नेता दिनेश मोहनिया के खिलाफ एक महिला के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने और फ्लाइंग किस जैसे इशारे करने का मामला दर्ज किया गया है।

Follow : Google News Icon  
Arvind Kejriwal
Arvind Kejriwal | Image: @AamAadmiParty

Delhi Elections: दिल्ली में मतदान हो रहा है और इस बीच आम आदमी पार्टी के नेता मुकदमेबाजी में फंस रहे हैं। दिल्ली के मतदान के दिन ही अरविंद केजरीवाल को तगड़ा झटका लगा है। केजरीवाल की पार्टी के नेता अमानतुल्लाह खान के अलावा अब एक और प्रत्याशी पर एफआईआर हुई है। एक महिला ने AAP नेता दिनेश मोहनिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि चुनाव प्रचार के दौरान दिनेश मोहनिया ने कथित तौर पर महिलाओं की तरफ फ्लाइंग किस दिया था।

दिनेश मोहनिया संगम विहार से बीजेपी के चंदन कुमार चौधरी और कांग्रेस के हर्ष चौधरी के खिलाफ फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। बताया जा रहा है कि आम आदमी पार्टी के नेता दिनेश मोहनिया के खिलाफ एक महिला के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने और उसे फ्लाइंग किस देने समेत अनुचित इशारे करने का मामला दर्ज किया गया है। संगम विहार पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 341 (गलत तरीके से रोकना) और 509 (किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से शब्द, इशारा या कृत्य) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

अमानुल्लाह खान पर दर्ज हुआ मुकदमा

ओखला से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार अमानुल्लाह खान के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज हुआ है। अमानुल्लाह खान के ऊपर आरोप है कि उन्होंने चुनाव आचार संहिता का बीती रात उल्लंघन किया। अमानतुल्लाह खान बीती रात बड़ी तादाद में लोगों को अपने साथ लेकर अपने विधानसभा क्षेत्र में घूम रहे थे। इसके बाद पुलिस को जानकारी मिली और पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाया। दिल्ली पुलिस ने अमानतुल्लाह खान के खिलाफ जामिया नगर थाने में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223/3/5 और 126 आरपी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया।

दिल्ली में 70 सीटों के लिए सुबह 7 बजे से वोटिंग

दिल्ली में मतदान जारी है। सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक चलेगा। इस चुनाव में 1.56 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। AAP लगातार तीसरी बार चुनाव जीतना चाहती है, जबकि बीजेपी और कांग्रेस राष्ट्रीय राजधानी में अपनी स्थिति फिर से मजबूत करना चाहती हैं। हाई-प्रोफाइल मुकाबलों में नई दिल्ली शामिल है, जहां अरविंद केजरीवाल बीजेपी के प्रवेश वर्मा और कांग्रेस के संदीप दीक्षित के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।

Advertisement

यह भी पढ़ें: केजरीवाल ने तो हार मान ली... वोटिंग के बीच पप्पू यादव का तंज

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 5 February 2025 at 09:22 IST