Delhi Elections: केजरीवाल छल और झूठ की राजनीति कर रहे हैं : अमित शाह
Delhi Elections: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर ‘‘छल और झूठ की राजनीति’’ करने का आरोप लगाया।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

Delhi Elections: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर ‘‘छल और झूठ की राजनीति’’ करने का आरोप लगाया और लोगों से शहर के विकास के लिए भाजपा को वोट देने की अपील की।
शाह पांच फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए शहर में भाजपा की एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने ‘आप’ के इस दावे को लेकर भी उस पर हमला किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता में आने पर दिल्ली में सभी मौजूदा कल्याणकारी योजनाओं को बंद कर देगी।
उन्होंने राजौरी गार्डन में रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी ने खुद भरोसा दिलाया है कि दिल्ली में गरीबों के लिए कोई भी मौजूदा कल्याणकारी योजना बंद नहीं की जाएगी, लेकिन अरविंद केजरीवाल झूठ फैला रहे हैं... वे लोगों को गुमराह कर रहे हैं। मैं फिर से कह रहा हूं कि भाजपा गरीबों के कल्याण के लिए बनाई गई किसी भी योजना को बंद नहीं करेगी।’’
शाह ने आरोप लगाया कि ‘आप’ सरकार ने अपने 10 साल के कार्यकाल में दिल्ली के लोगों को धोखा देने के अलावा कुछ नहीं किया।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘अरविंद केजरीवाल ने भ्रष्टाचार मुक्त दिल्ली का वादा किया था, लेकिन करोड़ों रुपये का आबकारी घोटाला किया।’’
शाह ने भाजपा के चुनावी वादों को दोहराया और लोगों से पार्टी को वोट देने तथा ‘‘छल और झूठ की राजनीति’’ को खत्म करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के हाथ मजबूत करने की अपील की।
Advertisement
उन्होंने कहा, ‘‘हमें दिल्ली को कचरा मुक्त बनाना है, ‘आप-दा’ को खत्म करना है और पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करनी है।’’
उन्होंने लोगों से अपील की कि दिल्ली को दुनिया की नंबर एक राजधानी बनाने के लिए भाजपा को जिताएं। शाह, राजौरी गार्डन विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे भाजपा उम्मीदवार मनजिंदर सिंह सिरसा के लिए प्रचार कर रहे थे। दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा चुनाव होना है और 8 फरवरी को मतगणना होगी।