अपडेटेड 17 February 2025 at 21:32 IST

रामलीला मैदान, जहां अन्ना आंदोलन से पैदा हुई AAP... केजरीवाल को पटखनी दे 27 साल बाद वहीं BJP का शपथ ग्रहण; कैसे बदल गया चक्र?

जिस रामलीला मैदान में एक आंदोलन के जरिए अरविंद केजरीवाल ने आप की नींव रखी थी, अब वहीं BJP लंबे समय बाद शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों में जुटी है।

Follow : Google News Icon  
delhi cm oath ceremony in ramleela maidan arvind kejriwal aam aadmi party political journey
दिल्ली के मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण | Image: ap/pti

जिस रामलीला मैदान में एक आंदोलन के जरिए अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी की नींव रखी थी, अब उसी राम लीला मैदान में भारतीय जनता पार्टी लंबे समय बाद शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों में जुटी है। साल 2011 दिल्ली की राजनीति में बड़ा बदलाव लेकर आया था। अन्ना हजारे के नेतृत्व में जन लोकपाल विधेयक के निर्माण के लिए हुए आंदोलन ने एक राजनीतिक पार्टी को जन्म दिया। उस समय अरविंद केजरीवाल अन्ना हजारे के साथ थे, हालांकि अन्ना का इरादा कभी राजनीति में उतरने का नहीं था।

आम आदमी पार्टी का गठन अरविंद केजरीवाल और अन्ना हजारे के लोकपाल आंदोलन से जुड़े सहयोगीयो द्वारा 26 नवंबर 2012 को किया गया था। पिछले 13 सालों में 'आप' ने राजनीति में कई उतार-चढ़ाव देखें हैं। शुरुआत में इस पार्टी में काफी एकता थी, लेकिन फिर कुमार विश्वास और किरण बेदी जैसे नेताओं ने आम आदमी पार्टी का साथ छोड़ दिया। अरविंद केजरीवाल का जादू फिर भी राजधानी में बरकरार रहा और उन्हें दिल्ली की जनता का भरपूर प्यार मिला। केजरीवाल पहली बार 2013 में सीएम की कुर्सी पर बैठे। ये सरकार कांग्रेस के सहयोग के कारण बनी थी और इसी वजह से 49 दिन के भीतर केजरीवाल को त्यागपत्र सौंपना पड़ा।

2015 में आप को मिली बंपर जीत

दो सालों तक दिल्ली की जनता के बीच जाकर प्रचार करने और उनका भरोसा जीतने के बाद 2015 विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 70 सीटों में से 67 सीटों पर शानदार जीत हासिल की। उस समय राजधानी में 'आप' और केजरीवाल की जबरदस्त आंधी देखने को मिली थी। केजरीवाल इस बार पूरी ताकत के साथ सीएम की गद्दी पर बैठे।

2020 में भी चला झाड़ू का जादू

2020 दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी अरविंद केजरीवाल को कोई हिला नहीं सका और आम आदमी पार्टी ने बंपर जीत हासिल की। दिल्ली जीतने के बाद आम आदमी पार्टी ने अन्य राज्यों में भी पैर पसारना शुरू किया और 2022 में आप ने पंजाब में भी शानदार जीत हासिल कर विरोधी पार्टियों को हैरान कर दिया।

Advertisement

2025 में 'आप' का पत्ता साफ

10 सालों तक दिल्ली पर राज करने के बाद 2025 में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा क्योंकि जनता ने अरविंद केजरीवाल को नकारने का फैसला किया। आलम ये रहा कि केजरीवाल अपनी नई दिल्ली की सीट भी नहीं बचा पाए। राजधानी में 27 साल के लंबे इंतजार के बाद बीजेपी सत्ता में लौटने को तैयार है।

रामलीला मैदान में होगा शपथ ग्रहण

दिल्ली सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को यादगार बनाने के लिए VVIP का जमावड़ा लगेगा। रामलीला मैदान में होने वाले इस समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मंगलवार सुबह BJP नेता विनोद तावड़े, तरुण चुग और वीरेंद्र सचदेवा रामलीला मैदान जाएंगे। सुरक्षा के लिहाज से रामलीला मैदान की ओर जाने वाले सभी रास्ते 19 फरवरी की रात से ही बंद कर दिए जाएंगे और सिर्फ VVIP वाहनों को ही एंट्री मिलेगी।

Advertisement

20 राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे शामिल

5 फरवरी को हुए विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करके BJP करीब 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में आई है। BJP ने शानदार जीत के साथ दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) के 10 साल के शासन को खत्म किया है। BJP ने दिल्ली की 70 विधानसभा सीट में से 48 पर जीत हासिल की है। नई सरकार के शपथ ग्रहण में सीएम योगी आदित्यनाथ समेत NDA शासित 20 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।

इसे भी पढ़ें: UP: मैनपुरी में महिला को अगवा कर दबंग भोला यादव ने 4 महीने तक किया गैंगरेप, केस वापस न लेने पर पति को डीजल डाल जिंदा जलाया

Published By : Ritesh Kumar

पब्लिश्ड 17 February 2025 at 20:47 IST