अपडेटेड 28 January 2025 at 12:15 IST

Delhi Assembly Election: अखिलेश यादव समेत अन्य सपा सांसद करेंगे 'आप' के लिए प्रचार

समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव और उनकी पार्टी के सांसद आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे। अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

Follow : Google News Icon  
Samajwadi Party Chief Akhilesh Yadav
Samajwadi Party Chief Akhilesh Yadav | Image: PTI

Delhi Assembly Election: समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव और उनकी पार्टी के सांसद आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे। अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। दिल्ली विधानसभा के लिए चुनाव पांच फरवरी को होने वाले हैं और मतगणना आठ फरवरी को होगी। अखिलेश यादव 30 जनवरी को रिठाला में आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल के साथ एक रोड शो में शामिल होंगे। सपा सांसद इकरा हसन तथा पार्टी के अन्य सांसद भी आम आदमी पार्टी के लिए प्रचार अभियान में भाग लेंगे।

आप और सपा दोनों विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (‘इंडिया’) का हिस्सा हैं, जिसमें कांग्रेस भी शामिल है। हालांकि, सपा नेता केवल आप के लिए प्रचार करेंगे। आम आदमी पार्टी दिल्ली में कांग्रेस और भाजपा के खिलाफ चुनावी मैदान में है। इस कदम से विपक्षी गठबंधन में कांग्रेस की स्थिति और कमजोर हो सकती है। यह गठबंधन कांग्रेस के नेतृत्व में पिछले साल लोकसभा चुनाव के दौरान बना था।

AAP के लिए प्रचार करेंगे अखिलेश

आप और कांग्रेस ने पिछले साल लोकसभा चुनावों में भाजपा के खिलाफ मिलकर चुनावी लड़ाई लड़ी थी। दिल्ली की सात लोकसभा सीटों में से आप ने चार और कांग्रेस ने तीन सीटों पर चुनाव लड़ा था। इस बार के विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियां आमने-सामने हैं।

शत्रुघ्न सिन्हा भी भरेंगे हुंकार

पिछले साल कई दलों ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को गठबंधन का नेतृत्व सौंपने के विचार का समर्थन किया था। इसके बाद विपक्षी गठबंधन में मतभेद उभरकर सामने आए थे। वर्तमान में यह नेतृत्व कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पास है। अरविंद केजरीवाल ने ममता बनर्जी को समर्थन दिए बिना कहा था कि इंडिया गठबंधन के नेता इस मुद्दे पर आपसी चर्चा के बाद निर्णय ले सकते हैं। टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा भी एक और दो फरवरी को दिल्ली की तीन विधानसभा सीटों पर आप के लिए प्रचार करेंगे।

Advertisement

यह भी पढ़ें: पानी में जहर मिलाने के आरोप पर केजरीवाल पर FIR करेगी हरियाणा सरकार

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 28 January 2025 at 12:15 IST