अपडेटेड 27 January 2025 at 23:41 IST
यमुना के पानी में जहर मिलाने के आरोप पर केजरीवाल पर मुकदमा दायर करेगी हरियाणा सरकार: भाजपा सूत्र
हरियाणा सरकार आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल पर उनके इस आरोप के लिए मुकदमा दायर करेगी कि राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) यमुना के पानी में 'जहर' मिला रही है।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

हरियाणा सरकार आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल पर उनके इस आरोप के लिए मुकदमा दायर करेगी कि राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) यमुना के पानी में 'जहर' मिला रही है। भाजपा सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी निर्वाचन आयोग का भी दरवाजा खटखटाएगी।
केजरीवाल ने इससे पहले आरोप लगाया था कि भाजपा 'गंदी राजनीति' करके दिल्ली के लोगों को प्यासा रखने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा, 'हरियाणा में भाजपा के लोग पानी में जहर मिला रहे हैं और इसे दिल्ली भेज रहे हैं। अगर दिल्ली के लोग यह पानी पीएंगे तो कई लोग मर जाएंगे। क्या इससे ज्यादा घिनौना कुछ हो सकता है?'
Advertisement
वह दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के इस आरोप के बार टिप्पणी कर रहे थे कि हरियाणा सरकार 'जानबूझकर' औद्योगिक अपशिष्ट को यमुना में बहा रही है, जहां से राष्ट्रीय राजधानी अपना पानी लेती है।
आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, 'हरियाणा सरकार निश्चित रूप से केजरीवाल को अदालत में ले जाएगी। हम मंगलवार को उनके और उनकी पार्टी के खिलाफ निर्वाचन आयोग का दरवाजा भी खटखटाएंगे।'
Advertisement
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केजरीवाल की आलोचना करते हुए कहा कि निराधार आरोप लगाना और दूसरों पर दोष मढ़ना उनकी आदत है।
निर्वाचन आयोग ने सोमवार को हरियाणा से जलापूर्ति में अमोनिया के स्तर के बारे में आतिशी द्वारा लगाए गए आरोपों पर हरियाणा से तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी।
दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीट के लिए पांच फरवरी को मतदान होगा और मतों की गिनती आठ फरवरी को होगी।
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 27 January 2025 at 23:41 IST