अपडेटेड 4 November 2025 at 21:23 IST
Bihar Election: सम्राट चौधरी, तेजस्वी यादव से मैथिली ठाकुर तक... पहले चरण की 121 सीटों में कौन-कौन VVIP? देखिए पूरी LIST
Bihar election VVIP Seats 2025: बिहार की कुल 243 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में चुनाव हो रहा है। पहले चरण में 121 सीटों के लिए 6 नवंबर को वोटिंग होगी। दूसरे चरण में 122 सीटों के लिए 11 नवंबर को मतदान होगा। वहीं, इसके नतीजे 14 नवंबर 2025 को आएंगे।
- चुनाव न्यूज़
- 5 min read

Bihar election VVIP Seats 2025: बिहार की कुल 243 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में चुनाव हो रहा है। पहले चरण में 121 सीटों के लिए 6 नवंबर को वोटिंग होगी। दूसरे चरण में 122 सीटों के लिए 11 नवंबर को मतदान होगा। वहीं, इसके नतीजे 14 नवंबर 2025 को आएंगे।
पहले चरण की वोटिंग के लिए आज शाम पांच बजे से विभिन्न राजनीतिक दलों के चुनाव प्रचार थम गए हैं। इस चरण में कुल 121 विधानसभा सीटों के लिए 18 जिलों में 6 नवंबर को मतदान होगा। पहले चरण में चाहें एनडीए हो या फिर महागठबंधन, इनके कई दिग्गज/वीआईपी प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला जनता अपने वोटों से करने वाली है। आइए यहां कुल 12 वीवीआईपी सीटों के बारे में जानते हैं, जहां से विभिन्न दलों के दिग्गज चुनावी मैदान में हैं...
तारापुर विधानसभा सीट - सम्राट चौधरी
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में मुंगेर की तारापुर विधानसभा सीट वीवीआईपी सीटों में से एक है। यहां से बिहार के उप मुख्यमंत्री और बीजेपी के कद्दावर नेता सम्राट चौधरी चुनावी मैदान में हैं। सम्राट चौधरी बिहार बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष भी हैं। इनके सामने महागठबंधन से राजद के अरुण कुमार चुनाव लड़ रहे हैं।
लखीसराय विधानसभा सीट - विजय कुमार सिन्हा
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में लखीसराय की लखीसराय विधानसभा सीट वीवीआईपी सीटों में से एक है। यहां से बिहार के उप मुख्यमंत्री और बीजेपी के कद्दावर नेता विजय कुमार सिन्हा चुनावी मैदान में हैं। सिन्हा बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इनके सामने महागठबंधन से कांग्रेस के अमरेश कुमार चुनाव लड़ रहे हैं।
Advertisement
राघोपुर विधानसभा सीट - तेजस्वी यादव
बिहार के वैशाली जिले में राघोपुर विधानसभा सीट आती है। यहां से बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व उप मुख्यमंत्री राजद नेता तेजस्वी यादव चुनावी मैदान में हैं। वे यहां से लगातार तीसरी बार जीत की तलाश में हैं। महागठबंधन ने उन्हें अपना सीएम पद का चेहरा भी बनाया है। तेजस्वी के सामने एनडीए के जदयू से सतीश कुमार यादव चुनावी मैदान में हैं।
सरायरंजन विधानसभा सीट - विजय कुमार चौधरी
बिहार के समस्तीपुर जिले की सरायरंजन विधानसभा सीट भी इस चुनाव में वीआईपी सीट है। यहां से बिहार सरकार के मंत्री और जदयू के दिग्गज नेता विजय कुमार चौधरी चुनाव लड़ रहे हैं। इनके सामने राजद के अरविंद कुमार सहनी चुनावी मैदान में हैं।
Advertisement
सिवान विधानसभा सीट - मंगल पांडेय
बिहार के सिवान जिले की सिवान विधानसभा सीट से एनडीए की ओर से बीजेपी के दिग्गज नेता मंगल पांडेय चुनावी मैदान में हैं। वे बिहार सरकार में मंत्री भी हैं और बीजेपी बिहार के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इनके सामने महागठबंधन की ओर से राजद के दिग्गज नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी चुनावी मैदान में हैं।
बांकीपुर विधानसभा सीट - नितिन नबीन
पटना जिले की बांकीपुर विधानसभा सीट इस चुनाव में वीआईपी सीटों में से एक है। यहां से बीजेपी के वरिष्ठ नेता और नीतीश कुमार सरकार में मंत्री नितिन नबीन चुनाव लड़ रहे हैं। इनके सामने महागठबंधन की ओर से राजद की रेखा कुमारी चुनावी मैदान में हैं।
छपरा विधानसभा सीट - खेसारी लाल यादव
सारण की छपरा विधानसभा सीट से राजद के उम्मीदवार और भोजपुरी गायक-एक्टर खेसारी लाल यादव (शत्रुघ्न कुमार) चुनावी मैदान में हैं। वे पहली बार यहां से राजद के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। पहले उनकी पत्नी लड़ने वाली थीं, लेकिन समय की कमी और दस्तावेजों में कुछ खामियों की वजह से वह चुनाव नहीं लड़ सकीं। खेसारी के सामने एनडीए की ओर से भाजपा की छोटी कुमारी चुनावी मैदान में हैं।
अलीनगर विधानसभा सीट - मैथिली ठाकुर
दरभंगा की अलीनगर विधानसभा सीट से बीजेपी ने लोक गायिका मैथिली ठाकुर को चुनावी मैदान में उतारा है। वह पहली बार चुनावी मैदान में हैं। उनके सामने राजद के बिनोद मिश्रा चुनाव लड़ रहे हैं।
महुआ विधानसभा सीट - तेज प्रताप यादव
बिहार के वैशाली जिले की महुआ विधानसभा सीट भी इस चुनाव में वीआईपी सीट है। यहां से जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव चुनाव लड़ रहे हैं। तेज प्रताप राजद सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटे और तेजस्वी यादव के बड़े भाई हैं। इन्हें जब लालू ने अपनी पार्टी से निकाला तो इन्होंने अपनी एक नई पार्टी जेजेपी बना ली और राजद के खिलाफ ही चुनावी हुंकार भर दी है।
इस सीट से एनडीए की ओर से लोजपा(रामविलास) के संजय कुमार सिंह और राजद की ओर से मुकेश कुमार रोशन चुनावी मैदान में हैं।
महनार विधानसभा सीट - उमेश कुशवाहा
वैशाली जिले की महनार विधानसभा सीट से एनडीए ने जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा को चुनावी मैदान में उतारा है। इस सीट पर राजद ने अपनी मौजूदा विधायक बीना सिंह का टिकट काटकर रविंद्र सिंह को उम्मीदवार बनाया है।
जमुई विधानसभा सीट - श्रेयसी सिंह
जमुई जिले की जमुई विधानसभा सीट भी काफी चर्चा में है। यहां से भाजपा ने श्रेयसी सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। श्रेयसी भारत की दिग्गज निशानेबाज रही हैं और राष्ट्रमंडल खेल में पदक भी जीती हैं। श्रेयसी सिंह के सामने चुनावी मैदान में राजद ने मोहम्मद शमशाद आलम को उतारा है।
दानापुर विधानसभा सीट - राम कृपाल यादव
पटना की दानापुर विधानसभा सीट से भाजपा ने पूर्व मंत्री और दिग्गज नेता राम कृपाल यादव को टिकट दिया है। यह सीट इस चुनाव में वीआईपी के साथ बाहुबली वाली भी है। इस सीट से राजद ने बाहुबली रीतलाल यादव को चुनाव में उतारा है।
बहुमत के लिए 122 सीटों पर जीतना जरूरी
बिहार की कुल 243 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में चुनाव हो रहा है। पहले चरण में 121 सीटों के लिए 6 नवंबर को वोटिंग होगी। दूसरे चरण में 122 सीटों के लिए 11 नवंबर को मतदान होगा। वहीं, इसके नतीजे 14 नवंबर 2025 को आएंगे। किसी भी पार्टी या गठबंधन को बहुमत के लिए 122 सीटों पर जीतना जरूरी है।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 4 November 2025 at 20:37 IST