तेजस्वी यादव होंगे महागठबंधन के सीएम फेस, INDI गठबंधन की ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐलान

Bihar Election : बिहार चुनाव में पहले चरण के लिए महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर मतभेद जारी है। इस बीच पटना में हुई एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में CM फेस के लिए सहमति बन गई है। INDI गठबंधन की ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव के सीएम फेस का ऐलान किया गया है।

Rashtriya Janata Dal leader Tejashwi Yadav will be the chief minister face of the Mahagathbandhan
तेजस्वी यादव होंगे महागठबंधन के सीएम फेस | Image: Video Grab

Bihar Assembly Election 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की रणभेरी बजते ही विपक्षी महागठबंधन (INDI गठबंधन) ने अपनी रणनीति को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। पटना के होटल मौर्या में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव को महागठबंधन का मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर दिया गया। मुकेश साहनी को महागठबंधन ने डिप्टी CM फेस घोषित किया है।

इस ऐलान को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने किया, जो प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद थे। हालांकि, इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के पोस्टर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तस्वीर न होने से सियासी हलचल मच गई है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव, अशोक गहलोत और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के नेता मुकेश साहनी सहित महागठबंधन के प्रमुख चेहरे शामिल हुए। अशोक गहलोत ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि तेजस्वी यादव ही गठबंधन के सीएम उम्मीदवार होंगे, जो बिहार की जनता के बीच युवा नेतृत्व का प्रतीक हैं।

'जनता बदलाव चाहती है'

बिहार में महागठबंधन और NDA के बीच कड़ी टक्कर है। कयास लगाए जा रहे हैं कि गठबंधन ने यह फैसला सीट बंटवारे के तनाव को कम करने और एकजुटता दिखाने के लिया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में साझा चुनाव प्रचार अभियान की भी आधिकारिक घोषणा की गई, जो आने वाले दिनों में पूरे बिहार में धूम मचाएगा। तेजस्वी ने अपने संबोधन में कहा, “बिहार की जनता बदलाव चाहती है, और हमारा गठबंधन विकास, रोजगार और न्याय की गारंटी देगा।”

BJP का तंज

प्रेस कॉन्फ्रेंस के पोस्टर पर केवल तेजस्वी यादव की तस्वीर होने से राजनीतिक दलों के बीच बहस छिड़ गई। BJP ने इसे कांग्रेस के लिए अपमानजनक बताते हुए तीखा प्रहार किया। BJP प्रवक्ता शहजाद ने सोशल मीडिया पर लिखा, “महागठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी की जगह दिखाई नहीं गई। क्या आरजेडी उन्हें बोझ मान रही है?”

Advertisement
Published By:
 Sagar Singh
पब्लिश्ड
Also Read

Also Read