अपडेटेड 12 September 2025 at 14:19 IST
'हम नहीं सुधरेंगे, राहुल-तेजस्वी ने खाई कसम...', बिहार कांग्रेस के PM मोदी और उनकी मां के AI जनरेटेड वीडियो पर भड़के नित्यानंद राय
बिहार कांग्रेस के AI जनरेटेड वीडियो पोस्ट करने पर बीजेपी का गुस्सा फूट पड़ा है। उन्होंने अपमानित करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस पर हमला बोला है।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

Bihar: बिहार में वोट अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मां की गाली देने पर मचे बवाल के बाद बिहार कांग्रेस ने AI जनरेटेड वीडियो पोस्ट किया है। अब इस पर सियासी पारा चढ़ गया है। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने अपमानित करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस पर हमला बोला है।
नित्यानंद राय ने पीएम मोदी और उनकी दिवंगत मां हीराबेन के अपमानित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी और राजद ने फैसला कर लिया है कि हम नहीं सुधरेंगे। लेकिन मैं राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को बताना चाहता हूं कि बिहार की जनता ने पहले भी आपको सुधारा है और इस बार भी आपको सुधारने जा रही है।
राहुल-तेजस्वी पर भड़के नित्यानंद राय
राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के कहने पर देश के प्रधानमंत्री और उनकी मां को बार-बार अपमानित किया जा रहा है। इससे पहले 'घुसपैठियों बचाओ' यात्रा के दौरान गाली गलौज किया गया जिसे लेकर बिहार की जनता में आक्रोश है। जब इतने से भी मन नहीं भरा तो एक बार फिर से पीएम मोदी और उनकी मां को अपमानित करने का काम किया गया है। इससे साफ है कि कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल का अहंकार सिर चढ़कर बोल रहा है जिसका जवाब बिहार की 14 करोड़ जनता देगी।
'कांग्रेस-RJD का अहंकार सिर चढ़कर बोल रहा'
नित्यानंद राय ने आगे कहा कि बिहार की जनता अच्छे-अच्छे लोगों का गुरूर तोड़ देती है। राहुल गांधी अगर इतिहास को नहीं भूले हैं तो याद करिए कि किस तरह बिहार की जनता ने इमरजेंसी के खिलाफ जननायक जयप्रकाश नारायण जी के नेतृत्व में बिहार से शुरू हुआ जन आंदोलन पूरे देश का आंदोलन बन गया था और कांग्रेस की सत्ता को उखाड़ फेका गया था।
Advertisement
'तेजस्वी ने लिया बिहारियों को अपमानित करने का ठेका'
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि तेजस्वी यादव बिहार के लोगों को गाली दिलाने का काम कर रहे हैं। अगर बिहार के लोगों के प्रति तेजस्वी यादव में थोड़ा भी मान-सम्मान और मर्यादा होती तो केरल कांग्रेस ने जिस तरह बिहार के लोगों को गाली देने का काम किया था उसी दिन तेजस्वी यादव को कांग्रेस के साथ अपने गठबंधन को तोड़ लेना चाहिए था। लेकिन ऐसा नहीं करके तेजस्वी यादव ने यह दिखा दिया कि बिहार का मान-सम्मान उनके लिए कोई मायने नहीं रखता। हकीकत यह है कि बिहारियों को अपमानित करने का ठेका तेजस्वी यादव ने ही ले रखा है। राहुल गांधी, तेजस्वी यादव के मोहरे है।
नित्यानंद राय ने राहुल-तेजस्वी को दी चुनौती
नित्यानंद राय ने तेजस्वी यादव और राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा की बिहार के 14 करोड़ लोगों को बार-बार अपमानित करने का अंजाम अच्छा नहीं होगा। तेजस्वी यादव आपके संस्कार में गाली गलौज, परिवारवाद और गुंडाराज है। लेकिन एनडीए के संस्कार में बिहार का विकास है ताकि विकसित बिहार का संकल्प हकीकत बन सके।
Advertisement
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 12 September 2025 at 14:04 IST