अपडेटेड 26 March 2026 at 22:18 IST
Bengal Polls: RG कर पीड़िता की मां का ममता सरकार पर प्रहार, कहा- CM के इशारे पर मिटाए गए सबूत, TMC बोली- बेटी की मौत पर राजनीति...
Bengal Polls 2026: RG कर मेडिकल कॉलेज की पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ अब चुनावी मैदान में हैं। पानीहाटी सीट से बीजेपी उम्मीदवार के रूप में उन्होंने ममता सरकार पर न्याय न देने और सबूत मिटाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
- चुनाव न्यूज़
- 4 min read

West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में इस बार मुकाबला केवल राजनीति तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह अब न्याय और भावनाओं का भी हो गया है। आपको याद होगा कि साल 2024 में कोलकाता के RG कर मेडिकल कॉलेज में एक ट्रेनी डॉक्टर रेप और हत्या की शिकार हुई थी। इस जघन्य अपराध ने पूरे देश को झकझोर दिया था।
उसी प्रशिक्षु डॉक्टर की मां, रत्ना देबनाथ अब चुनावी मैदान में उतर चुकी हैं। BJP ने उन्हें उत्तरी 24 परगना जिले की पानीहाटी विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। टिकट मिलने के बाद रत्ना देबनाथ ने राज्य की ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला है।
‘यह मेरी नहीं, जनता की जीत है’
नामांकन के बाद मीडिया से बात करते हुए रत्ना देबनाथ काफी भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि यह टिकट मिलना ही उनकी पहली जीत है, और यह जीत पानीहाटी के उन लोगों की है जो पिछले लंबे समय से अन्याय के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने राज्य के लोगों से शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा जैसे बुनियादी अधिकार छीन लिए हैं। रत्ना ने कहा, ‘मेरी बेटी की हत्या ड्यूटी के दौरान हुई थी, लेकिन अब तक हमें न्याय नहीं मिला। मैं अब महिलाओं की सुरक्षा और समान अधिकारों के लिए यह लड़ाई लड़ूंगी।’
Advertisement
मुख्यमंत्री पर लगाए गंभीर आरोप
रत्ना देबनाथ ने CM ममता बनर्जी को सीधे निशाने पर लेते हुए कहा कि उनकी बेटी के मामले में न्याय मिलने में हो रही देरी की मुख्य वजह सरकार का रवैया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के इशारे पर ही मामले से जुड़े अहम सबूतों को मिटा दिया गया।
रत्ना ने जनता से अपील की कि उन्होंने 15 साल तक एक सरकार को देखा है, अब सिर्फ 5 साल के लिए बीजेपी को मौका दें। उन्होंने संकल्प लिया कि वह अपनी बेटी की मौत का इंसाफ लेकर रहेंगी और कोई भी उन्हें रोक नहीं सकता।
Advertisement
TMC ने CBI पर उठाए सवाल
रत्ना देबनाथ की उम्मीदवारी पर सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। TMC नेता कुणाल घोष ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि वह पीड़िता की मां का सम्मान करते हैं, लेकिन एक बेटी की मौत पर राजनीति करना गलत है। घोष ने सवाल उठाया कि जब पीड़िता के माता-पिता CBI की जांच से असंतुष्ट थे, तो वे उसी पार्टी (BJP) के उम्मीदवार कैसे बन गए जिसके अधीन CBI आती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और राष्ट्रपति ने तो पीड़ित परिवार को मिलने का समय न देकर उनका अपमान किया था।
‘4 मई दीदी गई’
पानीहाटी सीट अब बंगाल चुनाव की सबसे चर्चित सीटों में से एक बन गई है। इधर BJP के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने दावा किया है कि राज्य की जनता '4 मई दीदी गई' का नारा लगा रही है और TMC का जाना तय है। दूसरी तरफ, ममता बनर्जी की सरकार अपनी योजनाओं और पुलिसिया कार्रवाई के दम पर फिर से सत्ता में वापसी का दावा कर रही है।
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 26 March 2026 at 22:18 IST