Bengal Elections 2026: PM मोदी की रैली से पहले जगद्दल में हिंसा, आपस में भिड़े TMC-BJP समर्थक, विधायक के घर पर फेंके बम; 3 घायल
Bengal Elections 2026: जगद्दल में सोमवार (27 अप्रैल) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की होने वाली रैली से पहले हिंसा भड़क गई है। यहां TMC और बीजेपी के समर्थक आपस में भिड़ गए। बीजेपी विधायक पवन सिंह के घर पर बमबारी भी हुई है।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

West Bengal news: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का चुनाव प्रचार थमने से पहले माहौल काफी तनावपूर्ण है। उत्तर 24 परगना जिले से हिंसा की खबरें सामने आ रही हैं। रविवार (26 अप्रैल) रात को जगद्दल में बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के समर्थकों में झड़प हो गई। जगद्दल पुलिस स्टेशन के सामने दोनों पार्टियों के समर्थक जमा हो गए। इस दौरान पत्थरबाजी, बमबाजी और फायरिंग की भी खबरें सामने आई हैं।
बताया जा रहा है कि हिंसा प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के लिए लगाए गए राजनीतिक झंडों और पोस्टरों को फाड़ने की वजह से भड़की। सोमवार (27 अप्रैल) को यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेगा रैली होनी है।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
जानकारी के अनुसार जगद्दल इलाके में झंडे और पोस्टर फाड़ने के बाद इस विवाद की शुरुआत हुई, जिसने देखते ही देखते हिंसा का रूप ले लिया। स्थिति तब बिगड़ी जब दोनों पक्षों के समर्थक जगद्दल पुलिस स्टेशन के सामने इकट्ठा हो गए, जिससे बहस, पत्थरबाजी और हाथापाई हुई। इस दौरान स्थानीय पुलिस ने हालातों को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा। स्थिति संभालने के लिए जगद्दल और भाटपारा इलाकों में अधिक संख्या में अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं। पुलिस ने बमबारी और झड़पों को लेकर केस भी दर्ज कर लिया है।
BJP विधायक पवन सिंह के घर पर बम फेंके
हिंसा के दौरान भाटपारा (सामान्य) विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे BJP विधायक पवन सिंह के घर पर बमबारी भी हुई। विधायक के घर पर देसी बम फेंके गए, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा। विस्फोट में कम से कम तीन लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Advertisement
बता दें कि 23 अप्रैल को पहले चरण का मतदान हुआ था। इसमें 92.35% मतदाताओं ने वोट डाले। दूसरे चरण के लिए वोटिंग 29 अप्रैल को होगी और नतीजे 4 मई को आएंगे।