'अंदाजा नहीं किससे पंगा ले रहे...', TMC ने ममता बनर्जी का वीडियो किया जारी, बीजेपी और EC को चेताया
तृणमूल कांग्रेस ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का एक वीडियो जारी कर भाजपा को चेताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें अंदाजा नहीं है कि वे किससे पंगा ले रहे हैं।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल में नतीजों से पहले सियासी हलचल तेज है। तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी स्ट्रॉन्ग रूम पर नजरे गड़ाए बैठी है। दोनों खेमों में 'खेला' होने का डर सता रहा है। इस बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का बकायदा एक वीडियो जारी कर कहा गया है कि भाजपा और चुनाव आयोग को अंदाजा नहीं है कि वे किससे पंगा ले रहे हैं।
इससे पहले ममता बनर्जी ने कहा था कि ईवीएम लूटने की कोशिश की जा रही है, लेकिन मैं मरते दम तक ऐसा कतई नहीं होने दूंगी। इसके अलावा उन्होंने मतगणना से पहले अपने कार्यकर्ताओं को सचेत रहने के सख्त निर्देश भी दिए। उन्होंने मतगणना वाले दिन तक ईवीएम की निगरानी करने को कहा है।
'अंदाजा नहीं किससे पंगा ले रही बीजेपी'
इस बीच, तृणमूल कांग्रेस ने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट शेयर कर लिखा, 'बीजेपी और उनकी कॉम्प्रोमाइज्ज चुनाव आयोग को जरा भी अंदाजा नहीं है कि वे किससे पंगा ले रहे हैं।'
'ममता बनर्जी के एक इशारे…'
TMC ने आरोप लगाते हुए कहा, 'बीजेपी ने दूसरे राज्यों से अपने कार्यकर्ता बुलाए हैं, ताकि नेताजी इंडोर स्टेडियम के बाहर का इलाका भर जाए। ऐसा करके वे मीडिया के सामने एक तमाशा खड़ा कर रहे हैं जिससे अपना डर छिपा सकें। लेकिन हमें भीड़ जुटाने की कोई जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सिर्फ एक इशारे पर 10 हजार लोग कुछ ही मिनटों में उस इलाके में पहुंच जाएंगे।'
Advertisement
'दीदी' ने खुद हमें रास्ता दिखाया है- TMC
उन्होंने आगे लिखा, 'हम इसलिए शांति बनाए हुए हैं क्योंकि हम कानून का सम्मान करते हैं, इसलिए नहीं कि हम आपसे डरते हैं। लेकिन हमारी विनम्रता को हमारी कमजोरी समझने की भूल न करें। अगर आपने एक भी EVM को हाथ लगाने की कोशिश की, लोगों के जनादेश को चुराने की कोशिश की तो आपको इसके नतीजे भुगतने पड़ेंगे। 'दीदी' ने आज खुद सबसे आगे खड़े होकर हमें रास्ता दिखाया है।'
तृणमूल ने बीजेपी को दी चेतावनी
तृणमूल ने भाजपा को चेताते हुए कहा कि हम सचेत हैं। हम चौकस हैं। छेड़छाड़ की किसी भी कोशिश को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा। इस चेतावनी पर ध्यान दें। बंगाल को लूटा नहीं जाएगा।