West Bengal Elections 2026: स्ट्रॉन्ग रूम में कौन सा 'खेला', हार का डर किसे? मतगणना से पहले आमने-सामने TMC और बीजेपी
बंगाल में स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा को लेकर हुए विवाद पर बीजेपी ने टीएमसी पर तीखा हमला बोला है। भाजपा ने कहा कि हारने वाला हमेशा शिकायत करता है।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

BJP on TMC: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग खत्म होने के एक दिन बाद स्ट्रॉन्ग रूम को लेकर बवाल मच गया। तृणमूल कांग्रेस ने स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा को लेकर आरोप लगाए। अब इस पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ममता बनर्जी की पार्टी हार रही है, इसलिए 'गड़बड़ी' के आरोप लगाए जा रहे हैं।
दरअसल, 30 अप्रैल को ईवीएम और पोस्टल बैलट बॉक्स को रखने के लिए इस्तेमाल होने वाले स्ट्रॉन्ग रूम पर की सुरक्षा को लेकर जमकर हंगामा हुआ। टीएमसी ने स्ट्रॉन्ग रूम को लेकर पुलिस-प्रशासन पर 'गड़बड़ी' के आरोप लगाए। इस दौरान कई जगहों पर टीएमसी और बीजेपी नेताओं का आमना-सामना हुआ। इन्होंने कहीं पुलिस-प्रशासन से बहस की, तो कुछ ने धरना दिया। इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद सखावत मेमोरियल स्कूल में बने स्ट्रॉन्ग रूम में पहुंच गई और घंटों तक अंदर रहीं।
हारने वाला हमेशा शिकायत करता है- बीजेपी
अब इसे लेकर खड़गपुर से भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष ने कहा, 'हारने वाला हमेशा शिकायत करता है। पहले हम बैकफुट पर होते थे और ये लोग सत्ता में होते थे। इस बार पश्चिम बंगाल की जनता ने बढ़-चढ़कर वोट दिया है, इससे पता चलता है कि परिवर्तन हो रहा है। टीएमसी बैकफुट पर है और इसलिए ये लोग शिकायत कर रहे हैं।'
‘दीदी’ के स्ट्रॉन्ग रूम में घुसने पर बोले सुवेंदु अधिकारी
वहीं बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने एक्स हैंडल पर लिखा, 'मैं पूरे पश्चिम बंगाल राज्य के सम्मानित मतदाताओं को यह आश्वासन देना चाहता हूं कि इस केंद्र से तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार यानी मुख्यमंत्री को स्पष्ट रूप से यह निर्देश दिया गया है कि वे किसी भी प्रकार का अनुचित लाभ उठाने से पूरी तरह परहेज करें। वे चाहे कितनी भी कोशिश कर ले, लेकिन नियमों से बाहर किसी भी गतिविधि में शामिल होने में असमर्थ रही है।
Advertisement
'ममता बनर्जी पर चुनाव एजेंट ने रखी निगरानी'
उन्होंने आगे लिखा, 'जब तक वह (ममता बनर्जी) स्ट्रॉन्ग रूम परिसर में मौजूद थीं, तब तक मेरे चुनाव एजेंट, एडवोकेट सूर्यनिल दास, व्यक्तिगत रूप से वहीं मौजूद रहकर उन पर कड़ी निगरानी रख रहे थे, ताकि वह किसी भी बेईमानी भरे तरीके का सहारा न ले सकें।'
ममता बनर्जी ने लगाए ये आरोप
वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘यहां ईवीएम के लिए एक सुरक्षित कमरा है, लेकिन हमने पाया कि कई जगहों पर हेरफेर हो रही है। जब मैंने इसे टीवी पर देखा तो मुझे लगा कि खुद जाना चाहिए।’ उनके मुताबिक, शुरुआत में उन्हें केंद्रीय बलों ने जाने से रोका। उन्होंने कहा, 'चुनाव नियमों के मुताबिक उम्मीदवारों और उनके प्रतिनिधियों को सीलबंद कमरे तक जाने की अनुमति होती है।'
Advertisement
सीएम ने प्रक्रिया में पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके एजेंट को गिरफ्तार कर लिया गया है और एक तरफा कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आगे कहा, 'अगर कोई ईवीएम मशीन चुराने या गिनती में छेड़छाड़ करने की कोशिश करता है तो हम जान की बाजी लगाकर लड़ेंगे।'
क्या है स्ट्रॉन्ग रूम, जिस पर चढ़ा सियासी पारा?
स्ट्रॉन्ग रूम सुरक्षित माना जाने वाली वो जगह है जहां पर वोटिंग के बाद ईवीएम और वीवी पैट मशीनें रखी जाती हैं। इसके बाद वोटों की गिनती शुरू करने के लिए स्ट्रॉन्ग रूम को मतगणना वाले दिन ही खोला जाता है।
4 मई को आएंगे नतीजे
बता दें कि पश्चिम बंगाल में 29 अप्रैल को दूसरे चरण में विधानसभा की 142 सीटों पर वोटिंग हुई थी। यहां पहले चरण की वोटिंग 152 सीटों पर हुई। अब नतीजे 4 मई को आएंगे, जिस पर सभी की नजरें बनी हुई है।