Bengal CM: सुवेंदु अधिकारी या कोई और... कौन बनेगा बंगाल का मुख्यमंत्री? कोलकाता में BJP विधायक दल की बैठक आज, नाम पर लगेगी फाइनल मुहर
West Bengal BJP CM: पश्चिम बंगाल में अगले 5 साल सत्ता की बागडोर किसके हाथों में रहेगी? इस पर आज फैसला हो जाएगा। कोलकाता में अमित शाह की मौजूदगी में बीजेपी विधायक दल की बैठक होनी है, जिसमें सीएम के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

West Bengal BJP Legislature Party Meeting: पश्चिम बंगाल के अगले मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान आज (8 मई) हो जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता आ रहे हैं। यहां बीजेपी के नवनिर्वाचित विधायक दल की बैठक होगी, जहां सीएम के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी। 9 मई को पश्चिम बंगाल में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा।
आज शाम 4 बजे होगी बैठक
भाजपा सूत्रों के अनुसार, बीजेपी विधायक दल की बैठक कोलकाता के न्यूटाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में आज शाम चार बजे से होगी। इसमें मुख्यमंत्री का चुनाव किया जाएगा। बैठक के बाद आज शाम ही सीएम के नाम का ऐलान भी किया जा सकता है।
पश्चिम बंगाल के चुनाव में इस बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 'डबल सेंचुरी' लगाई है। पार्टी ने अकेले 207 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं, तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सीटों का आंकड़ा 100 से भी नीचे आ गया। TMC इस बार 80 सीटों पर ही सिमटकर रह गई।
ममता बनर्जी ने अपनी इस हार को स्वीकार नहीं किया और उन्होंने इस्तीफा देने से भी इनकार कर दिया। हालांकि इस बीच कार्यकाल खत्म होते ही राज्यपाल ने विधानसभा को भंग कर दिया। इसके साथ ही ममता बनर्जी का मुख्यमंत्री पद भी समाप्त हो गया।
Advertisement
सुवेंदु अधिकारी क्यों सबसे मजबूत दावेदार?
अब पश्चिम बंगाल में नए सीएम के नाम की बात करें तो इस रेस में वैसे तो कई नाम शामिल हैं। हालांकि सुवेंदु अधिकारी इस कुर्सी के लिए सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। सुवेंदु ने लगातार दो चुनावों में ममता बनर्जी को हराया है। 2021 विधानसभा चुनाव में दोनों की टक्कर नंदीग्राम से हुई थी, जहां सुवेंदु ने बाजी मारी। नंदीग्राम से हारने के बाद ममता बनर्जी ने भवानीपुर का रूख किया और वहां से उपचुनाव लड़ सत्ता की बागडोर को थामे रखा।
इस बार भवानीपुर से ममता बनर्जी के उतरने पर सुवेंदु ने नंदीग्राम के साथ वहां से भी चुनाव लड़ा। वे दोनों ही सीट पर जीत हासिल करने में कामयाब रहे। भवानीपुर से सुवेंदु ने ममता को 15 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया। ऐसे में ये फैक्टर उन्हें सीएम पद का सबसे मजबूत दावेदार बनाता है।
Advertisement
सुवेंदु का शुरुआती जीवन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की शाखा में ट्रेनिंग में गुजरा है। वे 22 सालों तक TMC में रहे और कभी ममता बनर्जी के 'राइट हैंड' माने जाते थे। 2020 में उन्होंने टीएमसी छोड़ बीजेपी का दामन थामा था।
वैसे सुवेंदु अधिकारी के अलावा कई और नाम सीएम पद की दौड़ में हैं। इसमें दिलीप घोष, समिक भट्टाचार्य, अग्निमित्रा पॉल, रूपा गांगुली के नाम भी शामिल है।
9 मई को शपथ ग्रहण समारोह
शनिवार (9 मई) को कविगुरु रवींद्र नाथ टैगोर की जयंती के दिन कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में सुबह 11 बजे से आयोजित किया जाएगा। नई सरकार के मुख्यमंत्री और मंत्री शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित BJP शासित करीब 20 राज्यों के मुख्यमंत्री, कई केंद्रीय मंत्री और पार्टी के अन्य दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे।