Bengal Elections 2026: महिलाओं को हर महीने 3-3 हजार रुपये, किसानों को 9000 रुपये... BJP के मेनिफेस्टो में 10 बड़े ऐलान क्या हैं?

Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए बीजेपी ने अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि हम डिटेक्ट, डिलीट और डिपोर्ट पॉलिसी के तहत चुन-चुनकर एक-एक घुसपैठिए को बंगाल के बाहर निकालने का काम करेंगे।

Follow : Google News Icon  
Amit Shah released manifesto for Bengal Elections 2026
अमित शाह ने बंगाल चुनाव के लिए मेनिफेस्टो जारी किया | Image: X

West Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। गृह मंत्री अमित शाह ने चुनाव के लिए मेनिफेस्टो जारी करते बंगाल की जनता से कई बड़े वादे किए। इसमें यूनिफोर्म सिविल कोड (UCC) से लेकर महिलाओं- बेरोजगारों और किसानों के लिए ऐलान किए गए।

अमित शाह ने कहा कि BJP का 'संकल्प पत्र' इस बात का रोडमैप है कि पार्टी किस तरह विकसित बंगाल का निर्माण करेगी। उन्होंने TMC को घेरते हुए कहा कि बंगाल के लिए, बंगाल की जनता के लिए ये 15 साल कालरात्रि के दुःस्वप्न के समान रहे हैं। ममता दीदी के तीन कार्यकालों में डर, भेदभाव और भ्रष्टाचार की जड़ें गहरी जम गई हैं। अब, BJP पर भरोसे की बुनियाद पर, बंगाल की जनता एक नया रास्ता चुनेगी।

एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर निकालेंगे- अमित शाह

गृह मंत्री ने बंगाल चुनाव को लेकर वादा किया कि हमारी सरकार घुसपैठ के प्रति जीरो टॉलरेंस के साथ आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि हम डिटेक्ट, डिलीट और डिपोर्ट पॉलिसी के तहत चुन-चुनकर एक-एक घुसपैठिए को बंगाल के बाहर निकालने का काम करेंगे।

उन्होंने 6 महीने में बंगाल में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू करने की बात कही। इसके अलावा महिलाओं के खाते में हर महीने 3-3 हजार रुपये ट्रांसफर करने की भी बात कही। साथ ही ऐसा ही वादा बेरोजगार युवाओं और किसानों के लिए भी किया गया।

Advertisement

BJP ने घोषणापत्र में किए ये बड़े वादे…

  1. सभी सरकारी कर्मचारियों और वेतनभोगियों के लिए डीए सुनिश्चित किया जाएगा। अमित शाह ने कहा कि 45 दिनों के अंदर सातवें वेतन आयोग को लागू कर सभी कर्मचारियों का सम्मान नई बनने वाली भाजपा सरकार करेगी।
  2. आयुष्मान भारत समेत, भारत सरकार की सभी योजनाओं को हम कम्प्लीशन सर्टिफिकेट के साथ लागू करेंगे। गृह मंत्री ने कहा कि पूरे देश की तरह पीएम मोदी के गरीब कल्याण के यज्ञ को हम बंगाल में भी शुरू करेंगे।
  3. अमित शाह ने कहा कि भाजपा शासित कई राज्यों में यूसीसी (Uniform Civil Code) लागू किया गया है, हम 6 माह के अंदर ही बंगाल में यूसीसी लागू करेंगे।
  4. उन्होंने कहा कि मध्यम वर्ग, निम्न मध्यम वर्ग और गरीब तबकों की महिलाओं की स्थिति बहुत कठिन है। जब तक इस खाई को भर नहीं दिया जाता, तब तक BJP हर महीने की 1 तारीख से 5 तारीख के बीच, हर महिला के बैंक खाते में 3000 रुपये जमा करेगी।
  5. अमित शाह ने कहा कि हमने तय किया है कि सालों से पीएम मोदी की सरकार प्रयास कर रही है, लेकिन बाड़ लगाने के लिए टीएमसी सरकार हमें भूमि नहीं दे रही थी। 45 दिनों के अंदर भारत सरकार के गृह मंत्रालय को जितनी भूमि उपलब्ध करानी है, वह उपलब्ध करा दी जाएगी। भारत सरकार के साथ मिलकर नदी-नालों में पेट्रोलिंग की एक नई, आधुनिक तकनीक से युक्त वैज्ञानिक व्यवस्था करेंगे।
  6. उन्होंने ऐलान किया कि हल्दिया को पोर्ट-आधारित विकास और ब्लू इकॉनॉमी दोनों का केंद्र बनाने के लिए हम हल्दिया पोर्ट को एक निश्चित रोडमैप के तहत विकसित करेंगे।
  7. अमित शाह ने कहा कि बंगाल की संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए हम एक वंदे मातरम संग्रहालय की कल्पना लेकर आए हैं। इसके माध्यम से पूरे विश्व में बंगाल के कल्चर को प्रसिद्धि मिलेगी।
  8. गृह मंत्री ने किसानों को लेकर कहा है कि हम एक ऐसी योजना शुरू करेंगे जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि धान, आलू और आम उगाने वाले किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले। बंगाल में BJP सरकार हर किसान का 100% धान 3100 प्रति क्विंटल रुपये की दर से खरीदेगी, जिससे यह सुनिश्चित होगा कि किसानों को अपनी फसलें कम कीमतों पर बेचने के लिए मजबूर न होना पड़े।
  9. उन्होंने युवाओं के लिए ऐलान किया कि जो युवा हाल ही में ग्रैजुएट हुए हैं, उन्हें 3,000 रुपये का मासिक भत्ता दिया जाएगा।प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 15,000 रुपये की एकमुश्त वित्तीय सहायता दी जाएगी। पेपर लीक और भ्रष्टाचार के कारण जो युवा योग्यता की आयु सीमा गंवा चुके हैं, उन्हें पांच साल की आयु सीमा में छूट दी जाएगी, ताकि वे अपना भविष्य तराश सकें।2015 से भर्ती न हुए युवाओं को पर्याप्त अवसर सुनिश्चित किए जाएंगे।
  10. अमित शाह ने यह भी ऐलान किया कि पीएम किसान सम्मान निधि में हम राज्य की तरफ से अतिरिक्त 3,000 रुपये जोड़ेंगे और किसानों को सालाना 9,000 रुपये की वित्तीय सहायता देंगे।

यह भी पढ़ें: Bengal Election से पहले टूट गया AIMIM-AJUP का गठबंधन; हुमायूं कबीर के डील वाले वीडियो ने बिगाड़ा खेल

Published By :
Ruchi Mehra
पब्लिश्ड