'बंगाल की जनता TMC को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए दृढ़...', वोट डालने के बाद आश्वस्त दिखीं अग्निमित्रा पॉल, ममता बनर्जी पर क्या बोलीं?
आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अग्निमित्रा पॉल भारतीय जनता पार्टी की जीत को लेकर आश्वस्त दिखीं। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता TMC को सत्ता से हटाने के लिए पूरी तरह से दृढ़ हैं।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

Agnimitra Paul: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही अग्निमित्रा पॉल ने भाजपा की जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि हमें पूरा यकीन है कि बंगाल की जनता भाजपा को ही वोट देगी। इसके साथ ही उन्होंने ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा।
दरअसल, आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अग्निमित्रा पॉल ने आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 43 पर अपना वोट डाला। अपने मतदान का इस्तेमाल करने के बाद उन्होंने पहली प्रतिक्रिया दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी मुख्यमंत्री के तौर पर पूरी तरह से विफल रही हैं और उन्हें अपनी कुर्सी छोड़ देनी चाहिए।
बंगाल में जीत को लेकर आश्वस्त अग्निमित्रा पॉल
समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए अग्निमित्रा पॉल कहती हैं, 'हमें पूरा यकीन है कि बंगाल की जनता भाजपा को ही वोट देगी। बंगाल की जनता TMC को सत्ता से हटाने के लिए पूरी तरह से दृढ़ हैं, जिस भाषा में ममता बनर्जी बात करती हैं वो मुख्यमंत्री की कुर्सी का अपमान है हम अपमान करने नहीं देंगे'
ममता बनर्जी पर साधा निशाना
उन्होंने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा, 'आप वोटरों का अपमान करते हैं। आपने हमारी संस्कृति, हमारे परिवेश और हमारी सृष्टि को खत्म कर दिया है। यह बंगाल को बचाने की एक लड़ाई है। हम हिंदू-मुस्लिम की राजनीति नहीं चाहते। हम युवाओं के लिए रोजगार चाहते हैं और उन 40 लाख लोगों को वापस लाना चाहते हैं, जो यहां से पलायन कर गए थे। आप (ममता बनर्जी) विपक्ष की नेता के हिसाब से बहुत अच्छे थे, लेकिन एक मुख्यमंत्री के तौर पर पूरी तरह से विफल रही हैं और आपको अपनी कुर्सी छोड़ देनी चाहिए। हम भाजपा की सरकार बनाएंगे और जो भी मुख्यमंत्री होगा वो इस दिशा में काम करेगा।'
Advertisement
‘ये भारत है, अफगानिस्तान, बांग्लादेश, सीरिया या सूडान नहीं’
अग्निमित्रा पॉल आगे कहते हैं, 'धर्म-धर्म की जगह पर है। लेकिन धर्म की राजनीति, राजनीति की जगह पर न करें, यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 50 फीसदी मतदाता महिलाएं हैं। हमारी बेटियों को धमकाया जाएगा, हमारी बेटियों को जलाया जाएगा, हमारी बेटियों को मुख्यमंत्री बोलेंगी कि 8 बजे के बाद क्यों निकली? यह कोई अफगानिस्तान, बांग्लादेश, सीरिया या सूडान नहीं है। यह भारत है, जहां प्रधानमंत्री बोलते हैं कि सभी महिलाएं आगे बढ़ें।'
महिला आरक्षण विधेयक गिरने पर भी कसा तंज
उन्होंने आगे महिला आरक्षण विधेयक गिरने पर भी तंज कसते हुए कहा कि हमारी माताओं और बहनों को देश के विकास में सहभागी बनाने और लोकसभा और विधानसभा में उनका 33 प्रतिशत नेतृत्व बढ़ाने के लिए बिल लाया गया था, लेकिन ममता बनर्जी की पार्टी ने ऐसा नहीं होने दिया। अच्छा ही हुआ, क्योंकि भारत की महिलाओं को पता चल गया कि कौन उनके साथ हैं और कौन उनके खिलाफ।
Advertisement
विधानसभा चुनाव के कब आएंगे नतीजे?
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 152 सीटों पर आज मतदान जारी है। दूसरे चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को होगी। इसके बाद 4 मई की सुबह बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी।