अपडेटेड 26 March 2026 at 10:48 IST
राहुल गांधी ने रद्द किया केरल का चुनावी दौरा, मां सोनिया गांधी से मुलाकात करने पहुंचे सर गंगा राम अस्पताल
राहुल गांधी अपनी मां सोनिया गांधी से मिलने के लिए सर गंगा राम अस्पताल पहुंचे। सोनिया गांधी को सांस की तकलीफ के कारण मंगलवार रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था। राहुल ने केरल का अपना दौरा रद्द कर दिया और रैली को वर्चुअल संबोधित किया।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार सुबह सर गंगा राम अस्पताल पहुंचे, जहां उनकी मां और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी भर्ती हैं। सोनिया गांधी को मंगलवार रात सांस लेने में तकलीफ होने के बाद सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इसी बीच, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने चुनाव से पहले केरल के अपने निर्धारित कार्यक्रम को रद्द कर दिया। उन्होंने कोझिकोड में आयोजित रैली को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि मां के अस्पताल में भर्ती होने की वजह से वे व्यक्तिगत रूप से नहीं आ सके। उन्होंने कहा-
“मैं यहां आना चाहता था, लेकिन आज मुझे घर पर ही रहना पड़ा और मैं नहीं आ सका। मेरी मां को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और एक बेटे के तौर पर मुझे उनकी बहुत चिंता थी, इसलिए मैंने उनके साथ रहने का फैसला किया। मुझे पता है कि केरल के लोग इसे समझेंगे। कल रात मैं अपनी मां के स्वास्थ्य को लेकर बहुत चिंतित था। केरल की एक नर्स हर घंटे आकर मेरी मां का हालचाल पूछती रही।”
सोनिया गांधी को दिए जा रहे एंटीबायोटिक्स
सोनिया गांधी को मंगलवार रात 10:22 बजे सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत स्थिर है। डॉक्टर पेट और यूरिनरी ट्रैक्ट में संभावित संक्रमण की जांच कर रहे हैं। डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए है। अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि सोनिया गांधी की हालत स्थिर है और डॉक्टर उन्हें निगरानी में रखे हुए हैं। उन्हें एंटीबायोटिक्स दिए जा रहे हैं।
सावधानी के तौर पर डॉक्टरों ने उन्हें आगे की जांच और इलाज के लिए भर्ती रखने का फैसला किया। बुधवार को सर गंगा राम अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने बताया कि जांच के बाद पता चला कि दिल्ली के ठंडे मौसम और प्रदूषण के कारण सोनिया गांधी की ब्रोन्कियल अस्थमा की समस्या थोड़ी बढ़ गई थी।
Advertisement
पहले भी होना पड़ा भर्ती
गौरतलब है कि पिछले साल जून में भी सोनिया गांधी को पेट की समस्या के कारण इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उससे पहले जून में उन्हें हिमाचल प्रदेश के शिमला में इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भी भर्ती होना पड़ा था।
Advertisement
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 26 March 2026 at 10:48 IST