अपडेटेड 8 February 2025 at 19:42 IST
Delhi Election Results: 'यमुना जी को दिल्ली शहर की पहचान बनाएंगे, ये काम कठिन है लेकिन...', पानी में जहर पर AAP पर हमला
पीएम मोदी ने कहा कि हम लोग हमारा सदा मंगल करने वाली यमुना देवी को नमस्कार करते हैं। लेकिन, उसी यमुना की इन लोगों ने कैसी दुर्दशा कर दी?
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

Delhi Election Results: दिल्ली में बीजेपी की बड़ी जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने बीजेपी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं संबोधित करते हुए यमुना जी को दिल्ली शहर की पहचान बनाने का वादा किया। पीएम मोदी ने कहा कि हम लोग हमारा सदा मंगल करने वाली यमुना देवी को नमस्कार करते हैं। लेकिन, उसी यमुना की इन लोगों ने कैसी दुर्दशा कर दी? दिल्ली का तो अस्तित्व ही मां यमुना की गोद में पनपा है। दिल्ली के लोग यमुना की इस पीड़ा को देखकर कितना आहत होते रहे हैं। लेकिन, दिल्ली की AAP-दा ने इस आस्था का अपमान किया। हम यमुना जी को दिल्ली शहर की पहचान बनाएंगे।
पीएम ने कहा कि पहली बार दिल्ली-NCR के हर प्रदेश में भाजपा का शासन आया है। ये आजादी के बाद पहली बार हुआ है। राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश जैसे हर पड़ोसी राज्य में भाजपा की सरकारें हैं। ये बहुत ही सुखद संयोग है। इस एक संयोग से दिल्ली और पूरे NCR में तरक्की के अनगिनत रास्ते खुलने जा रहे हैं। हमारी कोशिश होगी कि आने वाले समय में इस पूरे क्षेत्र में मोबिलिटी और इंफ्रास्ट्रक्चर पर ढेर सारा काम हो। और इस क्षेत्र के नौजवानों को भी तरक्की के नए नए अवसर मिलें।
दिल्ली को विकास की ऊर्जा के साथ आधुनिक शहर बनाएंगे- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली की AAP-दा ने लोगों की भावनाओं को, आस्था को पैरों तले कुचल दिया था। अपनी नाकामी के लिए हरियाणा के लोगों पर इतना बड़ा आरोप लगा दिया था। दिल्ली की जनता टूटी सड़कें, कूड़े के ढेर, ओवर फ्लो सीवर और प्रदूषित हवा से त्रस्त रही है। अब यहां बनने वाली भाजपा सरकार दिल्ली को विकास की ऊर्जा के साथ एक आधुनिक शहर बनाएगी।
Advertisement
जनता ने शॉर्टकट वाली राजनीति का शॉर्ट सर्किट कर दिया- पीएम मोदी
दिल्ली में बीजेपी की बड़ी जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं संबोधित करते हुए बिना नाम लिए आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि आज दिल्ली की जनता ने साफ कर दिया है की दिल्ली कि असली मालिक सिर्फ और सिर्फ दिल्ली की जनता है। जिनको दिल्ली का मालिक होने का घमंड था उनका सच से सामना हो गया। दिल्ली के जनादेश ने यह भी स्पष्ट कर दिया है राजनीति में शॉर्टकट के लिए, झूठ और फरेब के लिए कोई जगह नहीं है। जनता ने शॉर्टकट वाली राजनीति का शॉर्ट सर्किट कर दिया है।
Advertisement
दिल्ली में बीजेपी की प्रचंड जीत
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नजीते सामने आ चुके हैं, भारतीय जनता पार्टी (BJP) 27 साल बाद सत्ता में वापसी कर रही है और प्रचंड जीत के साथ सरकार बनाने जा रही है। बीजेपी ने 48 सीटों पर जीत हासिल की है तो वहीं आम आदमी पार्टी को 22 सीटों पर जीत मिली है। कांग्रेस को एक बार फिर निराशा हाथ लगी है और लगातार तीसरी बार दिल्ली में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला है।
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 8 February 2025 at 19:42 IST