नड्डा ने 'यमुना में जहर' को लेकर केजरीवाल पर निशाना साधा, आप प्रमुख को 'राष्ट्र विरोधी' करार दिया

जे पी नड्डा ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर ‘आप’ पर निशाना साधा और लोगों से आगामी चुनाव में राष्ट्रीय राजधानी को ‘‘आप-दा’’ मुक्त बनाने का आह्वान किया।

Follow : Google News Icon  
JP NADDA
JP NADDA | Image: X- @BJP4India

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बृहस्पतिवार को दिल्ली में सत्तारूढ़ ‘आप’ पर निशाना साधा और लोगों से आगामी चुनाव में राष्ट्रीय राजधानी को ‘‘आप-दा’’ मुक्त बनाने का आह्वान किया।

नड्डा ने यहां कृष्णा नगर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल की इस टिप्पणी के लिए भी आलोचना की कि हरियाणा सरकार ‘‘यमुना में जहर घोल रही है।’’

नड्डा ने इस तरह का आरोप लगाने के लिए केजरीवाल को ‘‘राष्ट्र-विरोधी’’ करार दिया। उन्होंने कहा, ‘‘वह दिल्ली और हरियाणा के लोगों को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा कर रहे हैं। वह लोगों में दहशत पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। वह राजनीति में बने रहने के लायक नहीं हैं।’’

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ‘आप’ के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने यमुना सफाई परियोजनाओं में घोटाला किया है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं देख सकता हूं कि आपने दिल्ली में भाजपा की सरकार बनाने का मन बना लिया है। यह कोई साधारण चुनाव नहीं है, यह दिल्ली की तकदीर और तस्वीर बदलने का चुनाव है।’’

नड्डा ने रैली में कहा, ‘‘यह चुनाव दिल्ली को उस आम आदमी पार्टी से मुक्त करने के लिए है, जिसे ‘आप-दा’ के रूप में जाना जाता है... यह चुनाव आपको उन सभी समस्याओं से मुक्त करने के लिए है, जिनका सामना आपने उनके कार्यकाल में किया है।’’

Advertisement

दिल्ली विधानसभा की 70 सीट के लिए पांच फरवरी को मतदान होगा और मतगणना आठ फरवरी को होगी।

इसे भी पढ़ें: दिल्ली में दो पूर्व CM ने लगाया जोर, अखिलेश ने राजधानी पहुंचकर ठोका दावा

Advertisement
Published By :
Deepak Gupta
पब्लिश्ड