अपडेटेड 8 February 2025 at 16:03 IST
Delhi Election Results: 'जनता का फैसला सिर आखों पर, अब हम विपक्ष...', AAP की हार पर केजरीवाल की पहली प्रतिक्रिया
Delhi Election Results: दिल्ली चुनाव में आम आदमी पार्टी की नई दिल्ली सीट पर हार को लेकर अरविंद केजरीवाल की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read
Delhi Election Result 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की धमाकेदार एंट्री होती नजर आ रही है। वहीं आम आदमी पार्टी सत्ता से फिसल रही है। चुनाव आयोग की तरफ से जारी आंकड़ों के हिसाब से भारतीय जनता पार्टी 47 सीटों पर जीत के लिए आगे बढ़ रही है। वहीं 23 सीटों पर आम आदमी पार्टी लीड करती नजर आ रही है। वहीं 16 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज कर ली है। इसके अलावा आप को भी 11 सीटों पर जीत मिली है। वहीं आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल की बात करें तो नई दिल्ली विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने उन्हें शिकस्त दे दी है। हार के बाद अरविंद केजरीवाल की प्रतिक्रिया सामने आई है।
आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कहा, "हम जनता के फैसले को विनम्रता से स्वीकार करते हैं। मैं भाजपा को इस जीत के लिए बधाई देता हूं। मुझे उम्मीद है कि वे उन उम्मीदों पर खरे उतरेंगे, जिसके साथ लोगों ने उन्हें बहुमत दिया है। लोगों ने हमें जो 10 साल दिए, उसमें हमने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी आदि के क्षेत्र में काम किया। अब लोगों ने जो फैसला हमें दिया है, उसके साथ हम न केवल रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे, बल्कि जनता की सेवा करते रहेंगे। मैं आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को बहुत शानदार चुनाव लड़ने की बधाई देता हूं।"
चुनाव परिणाम एक झटके की तरह: CM आतिशी
दिल्ली की मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) की नेता आतिशी ने चुनाव के रिजल्ट को लेकर कहा, "सबसे पहले मैं दिल्ली की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करती हूं, जो मजबूती से डटे रहे। हम जनादेश को स्वीकार करते हैं। भाजपा की ‘तानाशाही’ और ‘गुंडागर्दी’ के खिलाफ जंग जारी रहेगी। चुनाव परिणाम एक झटके की तरह है, लेकिन दिल्ली और देश की जनता के लिए आम आदमी पार्टी की लड़ाई जारी रहेगी।"
अपने समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए ‘आप’ नेता ने कहा, "मैं उन लोगों का आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया। मैं अपनी टीम का भी आभार व्यक्त करती हूं, जिसने सभी चुनौतियों का सामना किया और हमारा संदेश जनता तक पहुंचाया। मैंने अपनी सीट पर जीत दर्ज की है, लेकिन यह जश्न मनाने का समय नहीं है, बल्कि यह संघर्ष का समय है। भाजपा की तानाशाही के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी।"
Advertisement
स्वाति मालिवाल का केजरीवाल पर तंज
स्वाति मालिवाल ने अरविंद केजरीवाल के साल 2023 में एक चुनावी जनसभा में दिए गए उस बयान की याद दिलाते हुए तंज कस रही हैं जिसमें अरविंद केजरीवाल कहते हुए सुनाई दे रहे हैं, 'मैं नरेंद्र मोदी से कहना चाहता हूं कि आप इस जन्म में हमें, आम आदमी पार्टी को, दिल्ली में नहीं हरा सकते। इसके लिए आपको दूसरा जन्म लेना पड़ेगा।' स्वाति मालिवाल ने अरविंद केजरीवाल पर तंज सकते हुए अपने सोशल मीडिया पर लिखा, 'अहंकार रावण का भी नहीं बचा था…'
Advertisement
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 8 February 2025 at 15:03 IST