अपडेटेड 4 February 2025 at 23:22 IST
Delhi Election: वोटिंग से चंद घंटे पहले भारी कैश बरामद, 5 लाख के साथ पकड़ा गया CM ऑफिस का कर्मचारी
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग से पहले बड़ी खबर सामने आ रही है। कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से एक युवक पकड़ा गया है जिसके पास से 5 लाख कैश बरामद हुआ है।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read
Delhi Election: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग से पहले बड़ी खबर सामने आ रही है। कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से एक युवक पकड़ा गया है जिसके पास से 5 लाख कैश बरामद हुआ है। फिलहाल पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है।
एक वीडियो सामने आया है जिसमें युवक अपना नाम गौरव बता रहा है। उसका कहना है कि वह मुख्यमंत्री आतिशी का पीए है। युवक के मुताबिक, वह सुबह से सीएम आतिशी से मिलने का इंतजार कर रहा है। वहीं वायरल हो रहे क्लिप में युवक के बगल में खड़ा शख्स आरोप लगाता है कि उसकी कार में पड़े एक बैग में 5 लाख रुपये नकदी मिले हैं।
जांच में जुटी पुलिस
इसके अलावा एक दूसरे वीडियो में युवक के पास एक लिस्ट मिली है। जिसमें कथिततौर पर बूथ पर हुए सभी कामों का लेखा-जोखा है। अब दिल्ली पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है। साथ ही इस बात का पता लगा रही है कि हिरासत में लिए गए शख्स का दिल्ली की मुख्यमंत्री के साथ कोई लिंक है या नहीं।
लक्ष्मी नगर से हंगामे की खबर
वहीं दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके से हंगामें की खबर आई है। आरोप है कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बीजेपी के कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया जिसमें दो महिलाएं घायल हो गईं। उन्हें चोटें आई हैं और अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Advertisement
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दिल्ली पुलिस बयान दर्ज कर रही है। जानकारी के मुताबिक, इस पूरे मामले के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बीजेपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब तक पुलिस कार्रवाई नहीं करेगी वह इसी तरीके से प्रदर्शन करते रहेंगे।
कल होगी दिल्ली में वोटिंग
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 5 फरवरी को होने हैं और परिणाम 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। बता दें कि दिल्ली विधानसभा में कुल 70 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए किसी भी पार्टी को कम से कम 36 सीटों की आवश्यकता होती है। वर्तमान में,आम आदमी पार्टी (AAP) सत्ता में है, जबकि भारतीय जनता पार्टी ( BJP ) और कांग्रेस आगामी चुनाव में अपनी स्थिति मजबूत करने का प्रयास कर रही हैं।
Advertisement
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 4 February 2025 at 21:29 IST