BIG BREAKING: AAP की करारी हार के बाद आतिशी का CM पद से इस्तीफा, विधानसभा भंग करने का नोटिफिकेशन जारी
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की करारी हार के एक दिन बाद रविवार को उपराज्यपाल वीके सक्सेना को अपना इस्तीफा सौंप दिया।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) की करारी हार के एक दिन बाद रविवार को उपराज्यपाल वीके सक्सेना (KG VK Saxena) को अपना इस्तीफा सौंप दिया। अधिकारियों ने बताया कि आतिशी ने राज निवास में सक्सेना को अपना इस्तीफा सौंपा। पार्टी को भले ही करारी हार का सामना करना पड़ा हो लेकिन आतिशी अपनी कालकाजी सीट बचाने में सफल रहीं।
भारतीय जनता पार्टी दिल्ली में 48 सीट जीतकर 27 साल बाद सत्ता में लौटी है। वहीं आम आदमी पार्टी को 22 सीट पर जीत मिली, कांग्रेस इस चुनाव में एक भी सीट नहीं जीत पाई। भाजपा के नेताओं के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अगले सप्ताह विदेश दौरे से लौटने के बाद भाजपा सरकार बनाने का दावा पेश कर सकती है। अरविंद केजरीवाल ने पिछले साल सितंबर में भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद आतिशी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
केजरीवाल-सिसोदिया की हुई हार
दिल्ली में भाजपा के शानदार प्रदर्शन के बीच अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया सहित आम आदमी पार्टी के कई बड़े नेताओं को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन मुख्यमंत्री आतिशी के अलावा तीन मंत्रियों गोपाल राय, मुकेश अहलावत और इमरान हुसैन ने जीत के साथ पार्टी की कुछ हद तक साख कायम रखी। कालकाजी विधानसभा सीट से दूसरी बार चुनावी मैदान में उतरीं 'आप' की प्रमुख रणनीतिकार आतिशी ने भाजपा के रमेश बिधूड़ी को 3,521 मतों के अंतर से हराया।
Advertisement
नई दिल्ली सीट से चुनाव लड़े आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को भाजपा के प्रवेश वर्मा ने 4,089 मतों से हरा दिया। उन्हें कुल 30,088 वोट मिले, जबकि ‘आप’ सुप्रीमो केजरीवाल 25,999 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर रहे।