अपडेटेड 5 February 2025 at 08:46 IST
Delhi Election: दिल्ली की वो 5 हॉट सीटें, जहां सबसे रोचक है मुकाबला... बदल सकता है पूरा सियासी समीकरण
दिल्ली का चुनाव इस बार यूं तो काफी रोमांचक है। इस बीच कुछ ऐसी हॉट सीटें हैं, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं। यहां काफी दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

Delhi Election 2025: दिल्ली में आज लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव है। 70 विधानसभा सीटों पर 699 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज दिल्ली की जनता के हाथों में हैं। मुकाबला इस बार त्रिकोणीय माना जा रहा है। जहां एक ओर सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) की नजर लगातार चौथी बार सरकार बनाने की है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी ( BJP ) और कांग्रेस ने दिल्ली में AAP के विजय रथ को रोकने के लिए चुनाव में पूरी ताकत झोंक दी है।
दिल्ली का चुनाव इस बार यूं तो काफी रोमांचक है। हालांकि इस बीच कुछ ऐसी हॉट सीटें हैं, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं। इन सीटों पर काफी दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है। आइए जानते हैं सबसे 5 सबसे हॉट सीट के बारे में....
नई दिल्ली विधानसभा सीट
दिल्ली चुनाव के दौरान नई दिल्ली विधानसभा सीट सबसे ज्यादा चर्चाओं में बनी हुई है। पूर्व CM और AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल सीट से मैदान में हैं, जिन्हें टक्कर BJP की ओर से साहिब सिंह वर्मा के बेटे प्रवेश वर्मा दे रहे हैं। तो वहीं कांग्रेस से भी पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित मैदान में हैं। साल 2013 से इस सीट से अरविंद केजरीवाल चुनाव जीतते आ रहे हैं। हालांकि इस बार नई दिल्ली में मुकाबला टक्कर का माना जा रहा है। बाजी किसके हाथ लगेगी, ये तो 8 फरवरी को ही साफ होगा।
कालकाजी विधानसभा सीट
दिल्ली की कालकाजी सीट भी खूब सुर्खियों में बनी हुई है। यहां से दिल्ली की CM आतिशी विधायक हैं और इस बार की AAP ने उन्हें इस सीट से मैदान में उतारा है। कालकाजी से आतिशी को टक्कर देने के लिए BJP के अपने पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी और कांग्रेस ने पूर्व विधायक अलका लांबा मैदान में हैं। 2020 में इस सीट से आतिशी चुनाव जीती थीं। हालांकि इस बार उनकी राह भी आसान नहीं मानी जा रही।
Advertisement
पटपड़गंज विधानसभा सीट
दिल्ली की पटपड़पंज विधानसभा सीट से फिलहाल पूर्व डिप्टी CM मनीष सिसोदिया विधायक हैं। हालांकि AAP ने इस बार उनकी सीट बदल दी। मनीष सिसोदिया की जगह पार्टी ने शिक्षक से नेता बने अवध ओझा को पटपड़गंज से चुनाव लड़ने का टिकट दिया। उनके खिलाफ BJP ने रवेंद्र सिंह नेगी को उम्मीदवार बनाया, जबकि कांग्रेस ने पूर्व विधायक अनिल कुमार को टिकट दिया है।
जंगपुरा विधानसभा सीट
जंगपुरा सीट पर भी रोचक मुकाबला देखने को मिल सकता है। जंगपुरा से AAP नेता और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया मैदान में हैं। वहीं BJP ने तरविंदर सिंह मारवाह और कांग्रेस ने फरहद सूरी पर दांव चला है। 2013 से AAP इस सीट से जीतती आ रही है।
Advertisement
करावल नगर विधानसभा सीट
करावल नगर विधानसभा सीट से BJP ने कपिल मिश्रा को टिकट देकर यहां मुकाबला रोचक बना दिया। पिछला चुनाव इस सीट से BJP के मोहन सिंह बिष्ट ने जीता था। वह करावल नगर से फिलहाल विधायक हैं। हालांकि उनकी जगह पार्टी ने कपिल मिश्रा को मैदान में उतारा है। साल 2015 में कपिल मिश्रा को इस सीट से जीत मिली थीं, लेकिन तब वह AAP में थे। करावल नगर से इस AAP ने मनोज त्यागी और कांग्रेस ने पीके मिश्रा को उम्मीदवार बनाया है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 5 February 2025 at 07:40 IST