अपडेटेड 9 June 2025 at 14:27 IST
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने बड़ा ऐलान किया है। चिराग पासवान ने सभी 243 सीटों पर उम्मीदवारों को उतारने का ऐलान कर दिया है। बता दें, बिहार में NDA की सरकार है। ऐसे में चिराग पासवान ने ऐलान किया है कि सभी सीटों पर लोजपा (रामविलास) के उम्मीदवार उतारे जाएंगे।
चिराग पासवान ने यह भी कहा है कि एनडीए को समर्थन देने के लिए लोजपा रामविलास अपने सारे उम्मीदवारों को उतारेगी। उन्होंने कहा कि मैं और मेरी पार्टी बिहार विधानसभा की सीटों पर NDA के प्रत्याशी को जीत दिलाने के लिए चिराग पासवान बनकर हर सीट पर लड़ने का काम करेगी। NDA बड़ी जीत की ओर अग्रसर हो, ये मेरा लक्ष्य है। चिराग पासवान आगरा में एक जनसभा को संबोधित करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। बता दें, बिहार में NDA की सरकार है, ऐसे में सवाल ये उठता है कि क्या चिराग पासवान का सभी सीटों पर चुनाव लड़ने के क्या मायने निकाला जाए?
चिराग पासवान ने मीडिया से बातचीत में कहा, "जो लोग पूछते हैं कि लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास और चिराग पासवान कहां से चुनाव लड़ेंगे? मैं और मेरी पार्टी एनडीए को मजबूती देने के लिए बिहार की सभी 243 सीटों पर एनडीए के प्रत्याशी को जीत दिलाने के लिए हर सीट पर चिराग पासवान बनकर चुनाव लड़ने का काम करेगा। एनडीए की बड़ी जीत की ओर हमलोग अग्रसर हों, ये लक्ष्य है।"
गठबंधन कमजोर होने के दावों को लेकर उन्होंने कहा, "लोग कहते हैं कि हमारा गठबंधन इतना मजबूत नहीं हैं, ये दर्शाता है कि ये भीड़ दर्शाता है कि लोगों का प्यार हमारे गठबंधन और हमारी डबल इंजन सरकार को मिल रहा है।"
बता दें, चिराग पासवान का ये बयान मुकेश सहनी के शेर का बच्चा वाले बयान के बाद आया है। दरअसल, मुकेश सहनी ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के मुखिया के बिहार चुनाव लड़ने को लेकर कहा था कि उनको (चिराग पासवान) बिहार में चुनाव लड़ना चाहिए। हमारी उनको शुभकामनाएं हैं। 243 पर भी लड़ लें, इससे पहले 135 पर लड़े थे। उनकी ये हिम्मत नहीं है कि (बिहार विधानसभा की) 243 पर लड़ लेंगे, जबकि लड़ाई में, जंग में सब जायज है। चिराग पासवान, स्वर्गीय रामविलास पासवान के बेटे हैं। आप अपने को शेर का बच्चा कहते हैं, तो शेर के बच्चे ऐसे नहीं होते हैं कि आधी सीट पर लड़े।
चिराग पासवान को घेरते हुए मुकेश सहनी ने कहा, “जब तक पीएम मोदी 2029 तक सरकार में रहेंगे, चिराग पासवान उनके पीछे-पीछे चलेंगे, वो लड़े ना, मना किसने किया है, वो गोल-गोल घुमा रहे हैं। वो अपनी पार्टी के सभी टिकटों पर खुद निर्णय लेते हैं। अब वो बोल रहे हैं कि पार्टी समीक्षा करेंगी, पार्टी कहेगी तो। पार्टी में चिराग पासवान के अलावा है कौन? क्षेत्रीय पार्टी में लीडर ने जो कह दिया तो कह दिया। नेशनल पार्टी में भी क्लीयर है, पीएम मोदी, अमित शाह जो कह देंगे, वो होगा। कांग्रेस में राहुल गांधी जो बोलेंगे, वही होगा, VIP पार्टी में मुकेश सहनी जो बोलेंगे वो ही होगा। RJD में तेजस्वी यादव जो कहेंगे, वही होगा। चिराग पासवान की पार्टी में जो चिराग पासवान कहेंगे, वही होगा। वो बिहार की जनता को घुमा क्यों रहे हैं, सीधा बोलिये ना चुनाव लड़ेंगे, इस जगह से लड़ेंगे। दिल्ली की कुर्सी छोड़कर आइये और लड़िए।”
पब्लिश्ड 8 June 2025 at 18:07 IST