Assembly Elections 2026: असम, केरल और पुडुचेरी में मतदान कल, जानिए कहां कितनी सीटों पर होगी वोटिंग; कब होगी मतगणना
असम, केरल और पुडुचेरी में कल एक साथ वोटिंग होगी। तीनों जगह चुनावी तैयारियां भी पूरी हो चुकी है, अब बस कल जनता तय करेगी कि कहां किसकी सरकार बनानी है। बतादें मतों की गिनती 4 मई को की जाएगी। जानें कहां कितनी सीटों पर वोट डाले जाएंगे?
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

Assembly Elections 2026: असम, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान थम चुका है। इन तीन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में कल यानी 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा। वहीं, मतगणना 4 मई को की जाएगी।
कितनी सीटों पर होगा मतदान?
असम की 126, केरल की 140 और पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों पर एक साथ वोट डाले जाएंगे। तीनों जगहों पर राजनीतिक दलों ने आखिरी घंटों तक जोरदार प्रचार किया।
असम में 722 उम्मीदवार मैदान में है
असम में कुल 2.5 करोड़ मतदाता हैं। इनमें 1.25 करोड़ पुरुष, 1.25 करोड़ महिलाएं और 343 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। यहां 18-19 साल के 5.75 लाख युवा पहली बार वोट डालेंगे। 126 सीटों पर 722 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। बहुमत के लिए यहां 64 सीटें चाहिए होगी।
केरल में त्रिकोणीय मुकाबला
केरल में 140 सीटों के लिए 890 उम्मीदवार मैदान में हैं। सरकार बनाने के लिए 71 सीटों का बहुमत जरूरी है। यहां 2.71 करोड़ मतदाता हैं। इनमें 1.32 करोड़ पुरुष, 1.39 करोड़ महिलाएं और 273 थर्ड जेंडर वोटर शामिल हैं।
Advertisement
पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों पर चुनाव
पुडुचेरी में 30 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। इनमें 5 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। बहुमत के लिए 16 सीटें चाहिए होगी। यहां 9.44 लाख मतदाताओं में 4.43 लाख पुरुष, 5 लाख महिलाएं और 139 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।
तीनों जगह साइलेंस पीरियड लागू
चुनाव प्रचार खत्म होते ही जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 126 के तहत ‘साइलेंस पीरियड’ शुरू हो गया है। इस दौरान कोई राजनीतिक दल, उम्मीदवार या समर्थक सार्वजनिक सभा, रैली या जुलूस नहीं निकाल जाएगा।
Advertisement
इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगीत, नाटक या कोई भी कार्यक्रम जो मतदाताओं को प्रभावित करें ऐसी सभी चीजों पर रोक रहेगी। इसी के तहत टीवी, सिनेमा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर चुनाव प्रचार सामग्री नहीं दिखाई जा सकती।
मतदाताओं को जागरूक किया गया
इससे पहले भारत निर्वाचन आयोग ने कई कार्यक्रमों के जरिए मतदाताओं को जागरूक करने की पूरी कोशिश की। ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें। अब सबकी नजर 9 अप्रैल के मतदान पर है। तीनों जगहों के नतीजे 4 मई को आएंगे और जिससे तय होगा कि असम, केरल और पुडुचेरी में किस की सरकार बनेगी।