समंदर में 'मार्कोस' की दहाड़! अदन की खाड़ी में समुद्री डाकुओं ने की जहाज पर कब्जा करने की कोशिश, INS त्रिकंड के कमांडोज ने खदेड़ा
बुधवार रात अदन की खाड़ी में भारतीय नौसेना के युद्धपोत INS त्रिकंद ने एक मर्चेंट जहाज पर समुद्री डकैती की कोशिश को नाकाम कर दिया।
- डिफेंस न्यूज
- 3 min read

बुधवार रात अदन की खाड़ी में भारतीय नौसेना के युद्धपोत INS त्रिकंद ने एक मर्चेंट जहाज पर समुद्री डकैती की कोशिश को नाकाम कर दिया। भारतीय नौसेना के मरीन कमांडो (MARCOS) जहाज MV गोल्डन आर्सेनल पर चढ़े, जिस पर चालक दल का एक भारतीय सदस्य भी मौजूद था। यह जहाज भारत के लिए जरूरी सामान ले जा रहा था।
सूत्रों के मुताबिक, जब समुद्री लुटेरों ने जहाज पर चढ़ने की कोशिश की, तो चालक दल ने खुद को एक सुरक्षित कमरे में बंद कर लिया और कम्युनिकेशन चैनल के जरिए अधिकारियों को इसकी सूचना दी। जैसे ही INS त्रिकंद जहाज के पास पहुंचा, समुद्री लुटेरे भाग गए। बाद में MARCOS जहाज पर चढ़े और उसकी तलाशी ली।
पहले भी हो चुकी है ऐसी कोशिश
इससे पहले, 19 जून को भारतीय नौसेना के जहाज INS त्रिकंद ने पश्चिमी हिंद महासागर में समुद्री डकैती की संभावित कोशिश के दौरान MV फरीदा 5 से मिली मदद की गुहार पर तुरंत कार्रवाई की और मामले की जांच कर खतरे को रोका। भारतीय नौसेना ने कहा कि समय पर की गई कार्रवाई से मर्चेंट जहाज सुरक्षित रहा।
X पर एक पोस्ट में भारतीय नौसेना ने कहा, "17 जून को पश्चिमी हिंद महासागर में समुद्री डकैती की संभावित कोशिश के दौरान MV फरीदा 5 से मिली मदद की गुहार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए, मिशन पर तैनात भारतीय नौसेना के फ्रंटलाइन फ्रिगेट INS त्रिकंद ने जांच करने और खतरे को रोकने के लिए तुरंत कदम उठाए। समय पर की गई कार्रवाई से मर्चेंट जहाज सुरक्षित रहा। इस क्षेत्र में एक पसंदीदा सुरक्षा भागीदार और सबसे पहले मदद करने वाले (फर्स्ट रिस्पॉन्डर) के तौर पर, भारतीय नौसेना मर्चेंट शिपिंग की सुरक्षा, समुद्री डकैती का मुकाबला करने और समुद्र को सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है।"
Advertisement
27 मई को भी समुद्री डकैती नाकाम
इससे पहले, 27 मई को भारतीय नौसेना के जहाज INS कोलकाता ने पश्चिमी हिंद महासागर में मर्चेंट जहाज MV मशल्लाह 1 के पास समुद्री डकैती की एक संदिग्ध कोशिश को नाकाम कर दिया था। मर्चेंट जहाज MV मशल्लाह 1 के पास समुद्री लुटेरों की गतिविधि की जानकारी मिलने पर तेजी से कार्रवाई करते हुए, पश्चिमी हिंद महासागर में मिशन पर तैनात INS कोलकाता ने जांच करने और खतरे को रोकने के लिए तुरंत कदम उठाए।
INS कोलकाता पर मौजूद हेलीकॉप्टर और जहाज के चालक दल द्वारा जहाज पर चढ़कर किए गए ऑपरेशन के जरिए जांच की गई। समय पर की गई कार्रवाई से मर्चेंट जहाज सुरक्षित रहा और समुद्री डकैती का संभावित हमला टल गया।