अपडेटेड 30 January 2026 at 18:35 IST
Union Budget 2026: निर्मला सीतारमण के नाम सबसे लंबा बजट भाषण, अबतक नहीं टूट सका है मनमोहन सिंह का ये खास रिकॉर्ड
Union Budget Speeches Record: वित्त मंत्री हर साल फरवरी के पहले दिन लोकसभा में केन्द्रीय बजट पेश करते हैं। निर्मला सीतारमण का केंद्रीय बजट 2020-21 का भाषण भारतीय इतिहास का सबसे लंबा बजट भाषण रहा। आइए जानते हैं कि अलग-अलग वित्त मंत्रियों के बजट भाषण के रिकॉर्ड।
- बिजनेस न्यूज
- 3 min read

Union Budget 2026: वित्त मंत्री हर साल फरवरी के पहले दिन लोकसभा में केन्द्रीय बजट पेश करते हैं। अबतक केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार आठ बार लोकसभा में केंद्रीय बजट पेश किया है और अब 1 फरवरी को नौवीं बार बजट पेश करेंगी। इस दौरान उन्होंने बजट के कई रिकॉर्ड अपने नाम भी किए- जैसे सबसे लंबा बजट भाषण।
77 मिनट का रहा पिछले साल का बजट भाषण
केन्द्रीय मंत्री ने पिछले साल यानी 2025-26 में करीब 1 घंटे 17 मिनट यानी 77 मिनट का बजट भाषण दिया था। वहीं 2024 में, आम चुनाव होने के कारण 1 फरवरी 2024 को अंतरिम बजट पेश किया गया था, जिसमें वित्त मंत्री का भाषण लगभग 56 मिनट का रहा। फिर चुनाव के बाद 23 जुलाई 2024 को पूर्ण बजट पेश किया गया। इस दौरान सीतारमण का बजट भाषण करीब 1 घंटे 25 मिनट तक चला था।
2020 में दिया था सबसे लंबा भाषण
निर्मला सीतारमण के नाम सबसे लंबे बजट भाषण का रिकॉर्ड भी दर्ज है, जिसे उन्होंने केंद्रीय बजट 2020 के दौरान दिया था। यह भारतीय इतिहास का सबसे लंबा बजट भाषण रहा, जो 2 घंटे 42 मिनट तक चला। खास बात यह रही कि उनका भाषण उस दिन पूरा भी नहीं हो पाया स्वास्थ्य कारणों से उन्हें भाषण बीच में छोटा करना पड़ा और बजट के दो पेज पढ़ना बाकी रह गया था।
हालांकि, इस दौरान उन्होंने केंद्रीय बजट 2019 में दिए गए 2 घंटे 17 मिनट के अपने ही रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इससे पहले मोदी सरकार में हीं दिवंगत नेता अरुण जेटली का 2014 का बजट भाषण 2 घंटे 10 मिनट का था। निर्मला सीतारमण से पहले सबसे लंबे बजट भाषण का रिकॉर्ड भाजपा नेता जसवंत सिंह के नाम था। साल 2003 में उन्होंने करीब 2 घंटे 15 मिनट लंबा बजट भाषण दिया था।
Advertisement
सबसे छोटा बजट भाषण किसके नाम?
स्वतंत्र भारत के इतिहास में सबसे छोटा बजट भाषण 1977 में हीरूभाई एम. पटेल ने दिया था। यह केवल 800 शब्दों का अंतरिम बजट था। वहीं, सबसे छोटा पूर्ण बजट भाषण वाई. बी. चह्वाण का रहा, जिसमें करीब 9,300 शब्द थे। इसके बाद दूसरे स्थान पर मोरारजी देसाई का भाषण लगभग 10,000 शब्दों का था।
शब्दों के लिहाज से सबसे लंबा बजट भाषण
शब्दों के लिहाज से सबसे लंबा बजट भाषण 1991 में मनमोहन सिंह ने दिया, जिसमें लगभग 18,700 शब्द थे। इसके बाद यशवंत सिन्हा का भाषण करीब 15,700 शब्दों का रहा।
Advertisement
इसके अलावा सबसे ज्यादा बार आम बजट पेश करने का रिकॉर्ड मोरारजी देसाई के नाम है, जिन्होंने 10 बार बजट प्रस्तुत किया। पी. चिदंबरम और प्रणव मुखर्जी ने नौ बार बजट पेश किया। निर्मला सीतारमण ने जुलाई 2024 में सातवीं बार बजट पेश किया था। कुल मिलाकर इस वर्ष वह लगातार नौवीं बार बजट पेश करेंगी।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 30 January 2026 at 18:35 IST