अपडेटेड 1 February 2026 at 22:00 IST
Tax Holiday: क्या होता है टैक्स हॉलिडे? वित्त मंत्री ने Budget 2026 में की घोषणा, इससे आकर्षित होंगी विदेशी कंपनियां
Tax Holiday : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को आम बजट पेश किया, जिसमें विकसित भारत @2047 के विजन को मजबूती दी गई है। वित्त मंत्री ने इस दौरान विदेशी कंपनियों को 2047 तक 'टैक्स हॉलिडे' देने का ऐलान किया। आइए जानते हैं, ये क्या होता है?
- बिजनेस न्यूज
- 3 min read

Union Budget 2026 Tax Holiday: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को आम बजट पेश किया, जिसमें विकसित भारत @2047 के विजन को मजबूती दी गई है। इस बार के बजट में उन्होंने इंफ्रास्ट्रक्चर, रेलवे, नौकरियों, कौशल और समावेशी विकास पर जोर दिया। इस बजट में उन्होंने एक शब्द का प्रमुखता से इस्तेमाल किया, जो अब चर्चा का विषय बन गया है। वह शब्द है- 'टैक्स हॉलिडे', जो उन्होंने विदेशी कंपनियों को आकर्षित करने के लिए किया।
डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर का ग्लोबल सेंटर होगा भारत
वित्त मंत्री ने विदेशी कंपनियों को 2047 तक 'टैक्स हॉलिडे' देने का ऐलान किया है। यह कदम सरकार की तरफ से भारत को डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के ग्लोबल सेंटर बनाने की दिशा में उठाया गया बड़ा कदम है। इसके लिए शर्त यह है कि विदेशी कंपनियां भारत में डेटा सेंटर लगाकर दुनियाभर को क्लाउड सर्विस दें। यह घोषणा देश को क्लाउड कंप्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल सर्विस में अगले दो दशक तक मजबूत बनाने की स्ट्रेटजी का हिस्सा है। इससे भारत में विदेशी निवेश बढ़ने की उम्मीद है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
क्या है टैक्स हॉलिडे?
'टैक्स हॉलिडे' (Tax Holiday) यानी 'टैक्स की छुट्टी', जिसका मतलब है कि कंपनियों को इस अवधि के दौरान कोई टैक्स नहीं देना होगा। टैक्स हॉलीडे सरकार की तरफ से दी जाने वाली खास सुविधा है, जिसमें किसी कंपनी या सेक्टर को एक तय समय के लिए कुछ टैक्स देने से छूट मिल जाती है।
हालांकि यह छूट कितनी होगी और कितने समय के लिए होगी, यह सरकार की तरफ से तय होता है। इस छूट को देने के पीछे सरकार का लक्ष्य होता है, नई कंपनियों को आकर्षित करना, देश में इनवेस्टमेंट बढ़ाना, रोजगार के मौके बनाना और अहम सेक्टर का तेजी से विकास करना।
Advertisement
टैक्स हॉलिडे से देश को क्या फायदा?
वित्त मंत्री ने बजट भाषण में कहा कि विदेशी कंपनियां जो भारत में डेटा सेंटर के जरिये दुनियाभर के ग्राहकों को क्लाउड सर्विस देंगी, उन्हें 2047 तक टैक्स हॉलिडे का फायदा दिया जाएगा। हालांकि, इसमें शर्त है कि भारतीय ग्राहकों को सर्विस केवल भारतीय रीसेलर कंपनी के जरिये देनी होगी। इससे स्थानीय कंपनियों को भी हिस्सेदारी मिलेगी और देश का डिजिटल इकोसिस्टम मजबूत होगा।
टैक्स हॉलिडे से सरकार का उद्देश्य ग्लोबल कंपनियों जैसे AWS, Google Cloud, Microsoft Azure, Oracle को देश में बड़ा निवेश करने के लिए प्रेरित करना है, जिससे लाखों नौकरियों के मौके बनेंगे, बिजली और इंटरनेट इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर होगा, और भारत AI व डिजिटल सर्विस का पसंदीदा ठिकाना बनेगा।
Advertisement
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 1 February 2026 at 22:00 IST