अपडेटेड 8 March 2025 at 07:38 IST

'अजीब बालों वाली महिला...', ISS पर फंसी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स पर ये क्या बोल गए ट्रंप? जानें पूरा मामला

अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर फंसे सुनीता और बुच की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कुछ ऐसा कह दिया जो इंटरनेट पर छाया हुआ है

Donald Trump Sunita Williams | Image: AP/x

Donald Trump on Sunita Williams: भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके सहयोगी बुच विल्मोर को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर फंसे पूरे 8 महीने हो गए हैं। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर आश्वासन दिया है कि उन्हें जल्द ही धरती पर वापस लाया जाएगा। इस बीच उन्होंने सुनीता विलियम्स को लेकर कुछ ऐसा कह दिया जो इंटरनेट पर छाया हुआ है।

पिछले साल जून महीने में दोनों अंतरिक्ष यात्री अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर गए थे। लेकिन बोइंग के स्टारलाइन अंतरिक्ष यान में तकनीकी खराबी आने के चलते उन्हें वहीं रुकना पड़ा। इसी महीने (मार्च) उनके ISS से धरती पर वापसी की उम्मीद की जा रही है।

सुनीता के बालों पर की अजीबोगरीब टिप्पणी

वहीं अंतरिक्ष पर फंसे दोनों यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर की स्थिति को लेकर उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इसी दौरान उन्होंने नासा अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स के बालों पर अजीबोगरीब टिप्पणी कर दी।

दरअसल, सुनीता और बुच की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए डोनाल्ड ट्र्ंप ने इसके लिए पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन को जिम्मेदार ठहराया और उनकी आलोचना की। साथ ही फंसे दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को धरती पर वापस लाने में मदद करने के लिए एक बचाव दल को कक्षा में भेजने की संभावना का जिक्र किया।

'मस्क यान तैयार कर रहे, जो उन्हें लेकर आएगा'

ओवल ऑफिस से पीसी को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा- 'हमारे दो अंतरिक्ष यात्री अंतरिक्ष में फंसे हुए हैं। मैंने एलन से कहा, 'मेरा एक काम करो। क्या तुम उन्हें बाहर निकाल कर ला सकते हो?' उन्होंने कहा- हां। वह वहां जाने की तैयारी कर रहे हैं, मुझे लगता है कि दो सप्ताह में। मस्क अभी एक यान तैयार कर रहे हैं जो ऊपर जाएगा और उन्हें वहां से ले जाएगा।'

मैंने उन अजीब बालों वाली महिला को देखा- ट्रंप

उन्होंने आगे कहा- 'मैंने उन अजीब बालों वाली महिला को देखा। उनके बाल काफी घने हैं। अच्छे हैं और मजबूत हैं। ये मजाक नहीं है। उनके बालों पर कोई मजाक नहीं। आपको पता है कि ऊपर काफी खतरा भी है। ऊपर कुछ गड़बड़ भी हो सकती है। उन्हें वापस लाना ही होगा। एलन मस्क को मैंने एक हफ्ते पहले ही इजाजत दी है।' 

सुनीता और बुच पर कही ये बात

अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर फंसे विलियम्स और विल्मोर पर पूछे गए सवाल पर डोनाल्ड ट्रंप ने बाइडेन को अमेरिका के इतिहास का सबसे अक्षम राष्ट्रपति करार दिया। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने आपके साथ ऐसा होने दिया, लेकिन यह राष्ट्रपति ऐसा नहीं होने देगा।

ट्रंप ने आगे मजाकिया अंदाज में कहा,  'उन्हें वहीं छोड़ दिया गया है। मुझे उम्मीद है कि वे एक-दूसरे को पसंद करते होंगे या शायद एक-दूसरे से प्यार करते होंगे। उन्हें बाहर निकालना ही होगा।'

एलन मस्क बोले- ट्रंप ने उन्हें वापस लाने…

वहीं एलन मस्क ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि अंतरिक्ष यात्री वहां सिर्फ आठ दिन के लिए गए थे लेकिन आठ महीने से फंसे हैं। वह लिखते हैं कि स्पेसएक्स छह महीने पहले एक और यान भेजकर उन्हें वापस ला सकता था। लेकिन बाइडन ने इसकी इजाजत देने से इंकार कर दिया। उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने उन्हें जल्द से जल्द वापस लाने के लिए कहा है। हम ऐसा ही करेंगे।

यह भी पढ़ें: ट्रंप से भिड़ना जेलेंस्की को पड़ा भारी, अमेरिका ने यूक्रेन को दी जा रही सैन्य सहायता रोकी, अब जंग में आगे क्या होगा?

(भाषा इनपुट)

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 8 March 2025 at 07:13 IST