अपडेटेड 1 July 2025 at 10:34 IST
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर अंतिम मुहर की तैयारी, व्हाइट हाउस ने कहा- बरकरार रहेगी PM मोदी- ट्रंप की गहरी दोस्ती
India-US News: भारत और अमेरिका के बीच जल्द बड़ी ट्रेड डील की संभावना है। इस पर बीते हफ्ते राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान आया था। अब व्हाइट हाउस ने डील पर अपडेट दिया है।
India-US Trade Deal: अमेरिका और भारत के बीच बहुत बड़ी ट्रेड डील होने जा रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हफ्तेभर पहले ही इसकी जानकारी दी थी। दोनों देशों के बीच जल्द होने जा रही इस ट्रेड डील पर फिर अमेरिका की तरफ से बड़ा बयान आया है। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता ने डील पर अपडेट साझा की। साथ ही यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच बेहतरीन रिश्ते हैं और ये बने रहेंगे।
अमेरिका की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलीन लेविट ने भारत को इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में अमेरिका का सबसे अहम और भरोसेमंद साथी भी बताया। उनका यह बयान ऐसा समय में आया, जब विदेश मंत्री एस जयशंकर क्वाड समूह (QUAD) की बैठक के लिए यूएस दौरे पर हैं।
‘भारत संग ट्रेड डील के बेहद करीब’
दरअसल, एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलीन लेविट से अमेरिका और भारत के बीच होने वाली ट्रेड डील को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा "हां, राष्ट्रपति ने पिछले हफ्ते कहा था कि अमेरिका और भारत एक व्यापार समझौते के बहुत करीब हैं, और यह सच है। मैंने अभी हमारे वाणिज्य सचिव से इस बारे में बात की है। वह राष्ट्रपति के साथ ओवल ऑफिस में थे। वे इन समझौतों को अंतिम रूप दे रहे हैं। जल्द ही राष्ट्रपति ट्रंप और उनकी ट्रेड टीम से भारत के साथ इस समझौते को लेकर अपडेट मिलेगा।
PM मोदी और ट्रंप के रिश्ते पर कही ये बात
लेविट ने समाचार एजेंसी ANI के उस सवाल का भी जवाब दिया कि राष्ट्रपति ट्रंप भारत-प्रशांत क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव और अमेरिका-भारत संबंधों पर इसके प्रभाव को किस तरह देखते हैं? उन्होंने कहा कि भारत इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में अमेरिका का महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार बना हुआ है। राष्ट्रपति ट्रंप का प्रधानमंत्री मोदी के साथ रिश्ता बहुत अच्छा है, जो आगे भी बना रहेगा।
बता दें कि इससे पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत संग डील को लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने बीते दिनों अपने एक स्टेंटमेंट में कहा था कि हम एक सौदा करने जा रहे हैं, शायद भारत के साथ... बहुत बड़ा। जहां हम भारत के लिए दरवाजे खोलने जा रहे हैं।
जल्द होगी ट्रेड डील
अनुमान जताया जा रहा है कि भारत और अमेरिका के बीच ये डील 9 जुलाई से पहले हो सकती है। बीते दिनों अमेरिका ने भारत समेत कई देशों पर टैरिफ लगाने का ऐलान किया था। राष्ट्रपति ट्रंप ने 2 जुलाई को भारत से आने वाले कुछ सामानों पर 26% एक्स्ट्रा टैक्स लगाने की घोषणा की थी। हालांकि इसे 90 दिन के लिए टाल दिया गया। ऐसे में समयसीमा खत्म होने से पहले दोनों देशों के बीच बड़ा व्यापार समझौता हो सकता है।
यह भी पढ़ें: राजनाथ सिंह के चीन दौरे का असर? बीजिंग परिसीमन पर चर्चा के लिए तैयार, कहा- विवाद सुलझाना मुश्किल, लेकिन नामुमकिन नहीं
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 1 July 2025 at 10:34 IST