अपडेटेड 13 March 2026 at 16:24 IST

Iran Israel War: अमेरिका-इजरायल के ताबड़तोड़ हमले के बाद भी जंग के मैदान में कैसे डटा है ईरान? यहां हुई ट्रंप की प्लानिंग में गलती

एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अमेरिका ने ईरान की होर्मुज स्ट्रेट रणनीति को कम आंका था। यह महत्वपूर्ण समुद्री रास्ता है, जहां से दुनिया का 20% तेल गुजरता है। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सरकार और पेंटागन ने ईरान द्वारा इसे बंद करने की संभावना को गंभीरता से नहीं लिया। ईरान ने अब जहाजों पर पाबंदी बढ़ाई है, तेल कीमतें बढ़ रही हैं और वैश्विक आर्थिक संकट की आशंका जताई जा रही है।

जंग के मैदान में कैसे डटा है ईरान? | Image: AP

Iran Israel War : इजरायल और अमेरिका 28 फरवरी, 2026 से ईरान पर लगातार ताबड़तोड़ हमले कर रहे हैं। इसके जवाब में ईरान लगातार पड़ोसी देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों और इजरायल को निशाना बना रहा है। सुप्रीम लीडर की मौत के बाद भी पिछले 13 दिनों से ईरान जंग के मैदान में डटा हुआ है। इस युद्ध का असर अब पूरी दुनिया पर नजर आ रहा है।

इजरायल और अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) को बंद कर दिया है। इस जलमार्ग से दुनिया का करीब 20 फीसदी कच्चे तेल का कारोबार होता है। अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार और पेंटागन (अमेरिकी रक्षा मंत्रालय) ने यह नहीं सोचा था कि अमेरिका या इजरायल की सैन्य कार्रवाई के जवाब में ईरान होर्मुज स्ट्रेट को बंद करने की कोशिश कर सकता है। हालांकि अमेरिका सेना के पास ऐसे हालात के लिए पहले से प्लान होते हैं, लेकिन योजना बनाते समय इस बात को गंभीरता से नहीं लिया गया।

अमेरिका ने ईरान को कम आंका

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने अमेरिकी सैन्य हमलों के जवाब में ईरान द्वारा होर्मुज को बंद करने की संभावना को काफी कम आंका था। यह बात अमेरिकी मीडिया ने आंतरिक सूत्रों के हवाले से कही है। ऑपरेशन शुरू होने से पहले कुछ बैठकों में अमेरिकी ऊर्जा विभाग और वित्त विभाग के अधिकारी मौजूद थे, लेकिन विस्तृत आर्थिक पूर्वानुमान और अंतर-एजेंसी विश्लेषण, जो आमतौर पर बड़े फैसलों को आकार देते हैं, चर्चाओं के केंद्र में नहीं थे। आर्थिक प्रभाव की गहरी जांच नहीं हुई।

क्या है Strait of Hormuz?

यह दुनिया का एक बहुत महत्वपूर्ण समुद्री रास्ता है, जो फारस की खाड़ी को बाहर के समुद्र से जोड़ता है। दुनिया का लगभग 20% तेल इसी रास्ते से गुजरता है। अगर यह रास्ता बंद हो जाए तो तेल की कीमतें आसमान छू सकती हैं और पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ सकता है।

ईरान की तरफ से क्या हो रहा है?

ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने कहा है कि होर्मुज को बंद करना उनके लिए एक मजबूत हथियार बना रहेगा। उन्होंने कहा, "लोगों की इच्छा है कि मजबूत रक्षा जारी रहे और होर्मुज बंद करने का दबाव बनाए रखा जाए।" अगर जंग लंबी चली तो ईरान और मोर्चे खोल सकता है।

ईरान के संयुक्त राष्ट्र राजदूत ने कहा कि वे होर्मुज को पूरी तरह बंद नहीं करना चाहते, लेकिन अपना हक है कि वहां सुरक्षा बनाए रखें। अभी ईरान ने जहाजों पर पाबंदी बढ़ा दी है और सिर्फ उन्हीं जहाजों को जाने दे रहा है जो अमेरिका या इजरायल के हितों से जुड़े नहीं हैं।

इसका क्या असर हो रहा है?

होर्मुज स्ट्रेट बंद होने की वजह से तेल के जहाजों का आना-जाना काफी मुश्किल हो गया है। तेल की कीमतें बढ़ रही हैं और दुनिया में ऊर्जा संकट की आशंका है। अमेरिका अब जहाजों को सुरक्षा देने की कोशिश कर रहा है, लेकिन स्थिति जटिल बनी हुई है। अमेरिका को उम्मीद नहीं थी कि ईरान इतनी मजबूती से होर्मुज के रास्ते पर दबाव डालेगा, और अब यह जंग सिर्फ सैन्य नहीं बल्कि आर्थिक मोर्चे पर भी फैल गई है।

ये भी पढ़ें: Iran Israel War: 'इजरायल के टॉप परमाणु वैज्ञानिक को हमने मार गिराया, मोजतबा को भी नहीं छोड़ेंगे...', जंग को लेकर इजरायल PM नेतन्याहू का बड़ा दावा

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 13 March 2026 at 16:24 IST