अपडेटेड 2 March 2026 at 08:25 IST
'अमेरिका फिर से दुनिया का सबसे ताकतवर...', ईरान हमले पर बोले ट्रंप, 9 नेवी शिप को तबाह करने का किया ऐलान, कहा- मकसद पूरा होने तक जंग रहेगा जारी
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' के नाम से शुरू हुए इस सैन्य अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि 'हमने ईरान में सैकड़ों टारगेट पर निशाना साधा है, जिसमें रिवोल्यूशनरी गार्ड की फैसिलिटी और ईरानी एयर डिफेंस सिस्टम शामिल हैं।'
मिडिल ईस्ट देशों में तनाव चरम पर पहुंच गया है। इजरायल और अमेरिका का संयुक्त रूप से ईरान पर हमला जारी है। रविवार को ईरानी इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के हेडक्वार्टर निशाना बनाया गया। वहीं, ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामनेई की मौत के बाद हालात और गंभीर हो गए हैं। लाखों की संख्या में खामनेई के समर्थक सड़कों पर उतकर अपने सर्वोच्च नेता की मौत के बदले की मांग कर रहे हैं। इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने साफ-साफ कह दिया है कि मकसद पूरा होने तक यह जंग जारी रहेगा।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' के नाम से शुरू हुए इस सैन्य अभियान की जानकारी देते हुए कहा, "पिछले 36 घंटों में अमेरिका और उसके सहयोगियों ने ईरान में सैकड़ों लक्ष्यों पर हमला किया है। इसमें रिवोल्यूशनरी गार्ड की सुविधाएं, एयर डिफेंस सिस्टम और नौसेना शामिल हैं। हमने अभी-अभी 9 जहाजों और उनकी नौसैनिक इमारतों को नष्ट कर दिया है।"
हमारे सभी मकसद पूरे होने तक ऑपरेशन रहेगा जारी-ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई की मौत हो गई है। पूरे ईरान में, जब उनकी मौत की घोषणा हुई तो ईरानी लोगों की आवाजें सड़कों पर खुशी और जश्न मनाते हुए सुनी जा सकती थीं। पूरी मिलिट्री कमांड भी चली गई है और उनमें से कई अपनी जान बचाने के लिए सरेंडर करना चाहते हैं। इस समय कॉम्बैट ऑपरेशन पूरी ताकत से जारी हैं और वे तब तक जारी रहेंगे जब तक हमारे सभी मकसद पूरे नहीं हो जाते। अमेरिका अब फिर से दुनिया का सबसे अमीर और सबसे ताकतवर देश है।"
ट्रंप ने 48 ईरानी नेताओं को मारने का किया दावा
US राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि देश पर चल रहे US-इजरायली हमलों में 48 ईरानी नेता मारे गए हैं। एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, “यह आगे बढ़ रहा है। यह तेजी से आगे बढ़ रहा है। 47 सालों से ऐसा ही चल रहा है। यह तेजी से आगे बढ़ रहा है। कोई भी हमारी सफलता पर यकीन नहीं कर सकता, एक ही बार में 48 नेता चले गए और यह तेजी से आगे बढ़ रहा है।”
ईरान की जवाबी कार्रवाई भी जारी
वहीं, ईरान की जवाबी कार्रवाई भी जारी है। बीती रात ईरान ने इजरायल के अलावा सऊदी अरब, कतर, संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, कुबैत और अन्य क्षेत्रीय देशों पर मिसाइलें दागीं। खामनेई की मौत की पुष्टि के बाद बौखलाहट में ईरान ने भी हमले और तेज कर दिए हैं। 14 अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 2 March 2026 at 07:24 IST