US Attack Iran: अमेरिका ने 24 घंटे के अंदर ईरान के हमले का लिया बदला, ड्रोन-मिसाइल ठिकानों को बनाया निशाना; दोनों देशों के बीच फिर बढ़ा तनाव
अमेरिकी सेना ने ईरान के भीतर ड्रोन-मिसाइल ठिकानों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए हैं। सेना ने बताया कि यह हमला होर्मुज में कार्गो शिप पर ईरान द्वारा किए गए ड्रोन अटैक का बदला है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
अमेरिका और ईरान के बीच एक फिर तनाव बढ़ गया है। दोनों देश एक दूसरे को निशाना बना रहे हैं। शुक्रवार को ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से गुजर रहे कमर्शियल जहाज पर हमला किया था। इसके जवाब में 24 घंटे के अंदर अमेरिका सेना ने ईरान के ड्रोन-मिसाइल ठिकानों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ हमले कर दिए। इन ताजा हमलों के बाद हालात और बिगड़ गए हैं। दोनों देश एक दूसरे पर सीजफायर का उल्लंघन का आरोप लगा रहे हैं। अमेरिकी हमलों के जवाब में तेहरान ने जोरदार पलटवार की चेतावनी दी है।
अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर जंग की चिंगारी भड़क रही है। अमेरिकी सेना ने ईरान के भीतर ड्रोन-मिसाइल ठिकानों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए हैं। अमेरिका सेना की तरफ से कहा गया कि यह हमला होर्मुज में कार्गो शिप पर हमले बदला है। राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया था कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे कमर्शियल जहाजों पर ईरान ने कम से कम चार वन-वे अटैक ड्रोन से हमला किया, जिसे उन्होंने सीजफायर समझौते का सीधा उल्लंघन बताया। ट्रंप ने पलटवार की भी धमकी दी थी।
अमेरिका सेना ने ईरान पर दागी मिसाइल
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने ईरान पर हमले की पुष्टि की है। अपने X पोस्ट में लिखा है, सेना ने 26 जून को ईरान के खिलाफ हमले किए, जो कल होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे एक कमर्शियल जहाज पर हुए हमले का जोरदार जवाब था। अमेरिकी विमानों ने ईरान की मिसाइल, ड्रोन स्टोरेज और कोस्टल रडार साइट्स को निशाना बनाया।
ईरान ने सीजफायर को लेकर उठाए सवाल
अमेरिकी हमलों की निंदा करते हुए ईरान के सांसद और नेशनल सिक्योरिटी एंड फॉरेन पॉलिसी कमीशन के चेयरमैन इब्राहिम अजीजी ने ट्वीट किया, "अमेरिका ने बातचीत के बीच एक बार फिर ईरान पर हमला किया... सीज़फायर का यह लापरवाह उल्लंघन, हमेशा की तरह, उनके लिए पीछे हटने और पछतावे का कारण बनेगा।"
ट्रंप ने दी थी जवाबी कार्रवाई की धमकी
जवाबी हमले शुरू होने से ठीक पहले व्हाइट हाउस में ट्रंप ने कहा, "मुझे यह बात पसंद नहीं है कि उन्होंने कल हमला किया, असल में चार हमले किए।" जब उनसे पूछा गया कि सेना इसका जवाब देगी, जबकि वे बार-बार कह रहे थे कि तेहरान के साथ बातचीत अच्छी चल रही है, तो ट्रंप ने ईरान के बारे में कहा, "वे थोड़े अलग हैं।" इसके बाद उन्होंने अचानक बातचीत खत्म कर दी और पत्रकारों को उनके कार्यालय से बाहर भेज दिया गया।
इससे पहले, गुरुवार को ब्रिटिश सेना ने बताया कि ओमान के तट पर एक कंटेनर जहाज पर एक प्रोजेक्टाइल (मिसाइल या रॉकेट जैसा हथियार) से हमला हुआ था। यह हमला ईरान द्वारा जहाजों को इस रास्ते का इस्तेमाल न करने की चेतावनी देने के कुछ ही घंटों बाद हुआ। यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स सेंटर ने घोषणा की कि इसमें कोई घायल नहीं हुआ। वाशिंगटन और तेहरान के लिए यह समय बहुत नाजुक है क्योंकि वे युद्ध को स्थायी रूप से खत्म करने के लिए बातचीत करने की कोशिश कर रहे हैं। पिछले हफ्ते अमेरिका के साथ हुई अंतरिम डील के बावजूद, ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना अधिकार बार-बार जताया है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 27 June 2026 at 07:22 IST