अमेरिका ने ईरान पर फिर किया हमला, लगातार 12वीं रात आसमान से बरसी आग! धमाकों से दहला दक्षिणी ईरान
ईरान पर अमेरिकी हमलों का सिलसिला लगातार 12वें दिन भी जारी रहा। दक्षिणी ईरान पर रात में आसमान से आग बरसी। यूएस सेंटकॉम ने हमले की जानकारी दी है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
US Attack On Iran: पश्चिम एशिया में युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है। अमेरिका ने बुधवार को ईरान के सैन्य ठिकानों पर लगातार 12वीं रात भी हमले जारी रखे।
ईरानी मीडिया प्रेस टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिणी ईरान के सिरिक इलाके में तेज धमाकों की आवाजें सुनी गईं। अमेरिकी सेना इससे पहले भी ईरान के अलग-अलग हिस्सों और उसके द्वीपों को निशाना बना चुकी है।
ईरान के सैन्य ठिकानों पर क्यों किया हमला?
US सेंटकॉम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, 'कमांडर-इन-चीफ के आदेश पर अमेरिकी सेना ने ईरान के सैन्य ठिकानों पर और हमले किए। यह मिशन ईरान की उस क्षमता को और कम करने के लिए जारी रहेगा, जिससे वह इलाके के समुद्र में गुजरने वाले आम नाविकों और कमर्शियल जहाजों को खतरा पहुंचा सकता है।'
ट्रंप ने एक दिन पहले दी थी चेतावनी
ये हमले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस चेतावनी के ठीक अगले दिन हुए हैं, जिसमें उन्होंने ईरान के पुल या पावर प्लांट को निशाना बनाने की बात कही थी। बुधवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर चेतावनी देते हुए ट्रंप ने कहा था कि अगर ईरान ने होर्मुज में किसी भी जहाज पर मिसाइल, रॉकेट, ड्रोन या किसी भी हथियार से हमला किया, तो हर बार अमेरिका जवाब में ईरान के एक पुल या एक पावर प्लांट को तबाह करेगा।
ट्रंप ने अपने पोस्ट में कहा कि इसमें तेहरान के आसपास या शहर के अंदर स्थित ठिकाने भी शामिल हो सकते हैं।
अमेरिकी सेना कई रातों से कर रही हमले
अमेरिकी सेना लगातार कई रातों से ईरान पर ताबड़तोड़ हमले कर रही है। इस सैन्य अभियान में ईरान के एयरक्राफ्ट हैंगर, ड्रोन स्टोरेज साइट, सैन्य ऑपरेशन सेंटर, समुद्री क्षमताओं और लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया गया है।
ईरानी सेना ने भी की जवाबी कार्रवाई
इस बीच, ईरानी सेना की ओर से भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मिसाइल और ड्रोन दागे जा रहे हैं। ईरान ने मंगलवार को होर्मुज स्ट्रेट में एक तेल टैंकर को अपना निशाना बनाया। इस हमले के बाद उपजे खतरे को देखते हुए बहरीन और कुवैत में मिसाइल हमलों की चेतावनी देने वाले सायरन बजे।
बातचीत की कोई गुंजाइश नहीं- ट्रंप
वहीं डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि फिलहाल ईरान के साथ बातचीत की कोई गुंजाइश नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अमेरिकी सेना जल्द ही ईरान के उस इलाके को भी निशाना बना सकती है, जो उसके प्रमुख यूरेनियम संवर्धन केंद्रों के करीब है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 23 July 2026 at 07:32 IST