US Iran War: 'बहुत कुछ होने वाला है, समझौता कर लें वरना...', ट्रंप ने फिर दी धमकी, ईरान का सबसे बड़ा पुल उड़ाते हुए VIDEO भी किया जारी
US Iran War: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के सबसे बड़े पुल पर हमले का वीडियो जारी किया। साथ ही उन्होंने ईरान को चेताते हुए कहा कि इससे पहले बहुत देर हो जाए, तेहरान समझौता कर लें।
US Iran War news: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर ईरान को धमकी दी है। उन्होंने ईरान के सबसे ऊंचे पुल पर हमले और उसके तबाह होने का एक वीडियो जारी किया। साथ ही तेहरान को चेतावनी देते हुए यह भी कहा कि वे देर होने से पहले समझौता कर ले, वरना उस देश का कुछ भी नहीं बचेगा।
ट्रंप ने फिर दी ईरान को धमकी
ट्रंप ने ईरान को धमकाते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर एक पोस्ट शेयर किया। इसमें उन्होंने लिखा, "ईरान का सबसे बड़ा पुल ढह गया, अब इसका इस्तेमाल कभी नहीं हो पाएगा... अभी और भी बहुत कुछ होने वाला है।"
ट्रंप ने आगे कहा कि अब ईरान के लिए समझौता करने का समय आ गया है, इससे पहले कि बहुत देर हो जाए और उस देश का कुछ भी न बचे, जो अभी भी एक महान देश बन सकता है।
हमले में B1 पुल तबाह
अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में ईरान का B1 पुल तबाह हो गया है। यह B1 ब्रिज ईरान के अल्बोर्ज प्रांत के करज शहर में स्थित है। इसे मिडिल ईस्ट का सबसे ऊंचा पुल बताया जाता है, जिसकी ऊंचाई लगभग 136 मीटर और लंबाई 1,050 मीटर है। यह 8 सेक्शन में बंटा है, जिसमें सबसे लंबा सेक्शन 176 मीटर का है। इस पुल के निर्माण में 400 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी करीब 37,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का खर्च आया था। हमले के बाद इलाके में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई है।
B1 ब्रिज को सिर्फ यातायात का साधन नहीं, बल्कि ईरान की आर्थिक और सैन्य रीढ़ माना जाता था। रोजाना लाखों वाहन इससे गुजरते थे। ये तेहरान को करज के औद्योगिक केंद्र से जोड़ता था। इसके तबाह होने से सप्लाई चेन बाधित हो गई है। इतना ही नहीं, विशेषज्ञों का कहना है कि यह पुल ईरानी सेना के लिए लॉजिस्टिक्स हब था। युद्ध की स्थिति में सैनिकों, हथियारों और ईंधन की आवाजाही इसी पर निर्भर थी।
'ईरान में उन्हें पाषाण युग में भेज देंगे, जहां उन्हें...'
इससे पहले गुरुवार (2 अप्रैल) को देश के नाम अपने संबोधन में ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका ने ईरान में अपने लक्ष्यों को लगभग पूरा कर लिया है। तब भी उन्होंने अगले 2-3 हफ्ते तक ईरान पर जोरदार हमला जारी रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि अगले दो से तीन सप्ताह में हम उन पर बेहद कड़ा प्रहार करेंगे। हम उन्हें पाषाण युग में भेज देंगे, जहां उन्हें वास्तव में होना चाहिए।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 2 April 2026 at 23:51 IST