Iran-Israel War: अमेरिका-ईरान के बीच दो हफ्तों के लिए युद्ध विराम, इजरायल भी सहमत, कच्चे तेल के दाम गिरे
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अगले दो हफ्तों के लिए ईरान के खिलाफ जारी सैन्य कार्रवाई को रोकने का ऐलान किया है। दोनों देशों के बीच सीजफायर की घोषणा हुई है और इजरायल ने भी इस पर सहमति जताई है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अगले दो हफ्तों के लिए ईरान के खिलाफ जारी सैन्य कार्रवाई को रोकने का ऐलान किया है। दोनों देशों के बीच आखिरकार सीजफायर हो गया। यह सहमति ट्रंप की ईरान को दी गई डेडलाइन, रात 8 बजे (भारतीय समयानुसार सुबह 5.30 बजे) से दो घंटे पहले ही बन गई। व्हाइट हाउस की ओर से बताया गया कि इजरायल ने भी इस सीजफायर पर अपनी सहमति जताई है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर भी इसकी जानकारी दी है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ पोस्ट में लिखा, “पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल असीम मुनीर के साथ बातचीत के आधार पर, जिसमें उन्होंने अनुरोध किया कि मैं आज रात ईरान को भेजी जा रही विनाशकारी ताकत को रोक दूं और अगर इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह, तुरंत और सुरक्षित रूप से खोलने पर सहमत हो जाता है, तो मैं दो हफ़्ते के लिए ईरान पर बमबारी और हमले रोकने के लिए सहमत हूं। यह दो तरफा सीजफायर होगा।"
ट्रंप ने बताया सीजफायर के लिए ईरान ने रखी 10 शर्ते
ट्रंप ने आगे बताया, "ऐसा करने का कारण यह है कि हम पहले ही सभी मिलिट्री लक्ष्यों को पूरा कर चुके हैं और उनसे आगे निकल चुके हैं और ईरान के साथ लंबे समय की शांति और मिडिल ईस्ट में शांति के लिए एक पक्के एग्रीमेंट के बहुत करीब हैं।” "हमें ईरान से 10 पॉइंट का प्रपोजल मिला है और हमारा मानना है कि यह बातचीत करने के लिए एक काम करने लायक आधार है। यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका की ओर से, प्रेसिडेंट के तौर पर, और मिडिल ईस्ट के देशों को रिप्रेजेंट करते हुए, यह हमारे लिए सम्मान की बात है कि यह लंबे समय की समस्या समाधान के करीब है।"
ट्रंप की डेडलाइन खत्म होने से पहले सीजफायर का ऐलान
ट्रंप ने सीजफायर का ऐलान करते हुए ये भी साफ कर दिया कि ईरान, होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से पूरी तरह खोलने पर सहमत हो। जिसे उन्होंने मिडिल ईस्ट में जारी तनाव को कम करने के लिए जरूरी कदम बताया। गौरतलब है कि ट्रंप ने यह ऐलान उनके द्वारा ही सेट डेडलाइन खत्म होने से कुछ घंटों पहले किया। ट्रंप ने ईरान को सीजफायर के लिए मंगलवार सुबह 8 बजे तक (ईस्टर्न टाइम के अनुसार) का समय दिया था।
ईरान को ट्रंप ने दी थी एक रात में खत्म करने की धमकी
ट्रंप ने ईरान का आखिरी अल्टीमेटम देते हुए कहा था, ‘डेडलाइन तक ईरान बातचीत के टेबल पर आ जाए। वरना ऐसा हमला होगा कि उनके पास कोई पुल नहीं होंगे। उनके पास कोई पावर प्लांट नहीं होंगे। वे पाषाण युग में चले जाएंगे। पूरे देश पर एक रात में कब्जा किया जा सकता है और वह रात कल रात हो सकती है।’
कच्चे तेल के दाम में भारी गिरावट
दोनों देशों के बीच सीजफायर की घोषणा के बाद कच्चे तेल के कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। अमेरिकी कच्चे तेल का वायदा 14.5% गिरकर 96.55 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। अमेरिकी समयानुसार रात 8:05 बजे तक, S&P 500 का वायदा 2.2% ऊपर था, जबकि डॉव (Dow) वायदा में 930 अंक या 2% की बढ़त देखी गई। शुरुआत में S&P 500 में 1.2% तक की गिरावट आई थी, लेकिन कारोबार के अंत में बाजार संभल गया।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 8 April 2026 at 06:39 IST