अब Donald Trump की रडार पर काश पटेल! FBI निदेशक और आर्मी सचिव को हटाने की चर्चा
Donald Trump प्रशासन में पाम बॉन्डी के हटाए जाने के बाद अब एफबीआई निदेशक काश पटेल और आर्मी सचिव डेनियल ड्रिस्कॉल समेत कई अधिकारियों को हटाने की चर्चा तेज हो गई है। द अटलांटिक की रिपोर्ट के मुताबिक व्हाइट हाउस में इन नामों पर विचार चल रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन में एक बार फिर बड़े फेरबदल की चर्चा तेज हो गई है। हाल के दिनों में कुछ प्रमुख अधिकारियों को हटाए जाने के बाद अब FBI निदेशक काश पटेल और आर्मी सचिव डेनियल ड्रिस्कॉल सहित कई अन्य नामों पर गाज गिरने की अटकलें लगाई जा रही हैं। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स में इन बदलावों की तैयारी का दावा किया गया है।
काश पटेल को ट्रंप का करीबी सहयोगी माना जाता है। उन्हें 2025 में FBI निदेशक बनाया गया था। उन्होंने पद संभालते ही FBI में बड़े पैमाने पर सफाई अभियान चलाया। उन्होंने उन एजेंट्स और स्टाफ को हटाया जो पहले ट्रंप से जुड़े मामलों की जांच में शामिल थे।
हाल ही में पटेल ने करीब एक दर्जन FBI कर्मचारियों को निकाला, जिनमें कई काउंटर इंटेलिजेंस विशेषज्ञ शामिल थे। ये विशेषज्ञ ईरान और उसके प्रॉक्सी से जुड़े खतरेों पर काम कर रहे थे। इसका समय संवेदनशील था, क्योंकि अमेरिका ने ईरान पर सैन्य कार्रवाई की थी। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि इन छंटनी से FBI प्रभावित हुई है।
कई विवादों में घिरे काश पटेल
FBI डायरेक्टर काश पटेल कई विवादों से घिरे हैं। उनपर अपनी गर्लफ्रेंड के म्यूजिक इवेंट में शामिल होने के लिए सरकारी जेट के इस्तेमाल का आरोप लगा था। FBI के अंदर राजनीतिक प्रतिशोध के आरोप लगे। कई पूर्व FBI एजेंट्स ने पटेल और अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी के खिलाफ मुकदमे दायर किए, जिसमें उन्हें गलत तरीके से हटाए जाने का आरोप लगाया गया।
काश पटेल का हटाने की चर्चा
कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया कि ट्रंप प्रशासन इन सुर्खियों से तंग आ चुके हैं और पटेल को हटाने पर विचार कर रहे हैं। हाल ही में पाम बोंडी, क्रिस्टी नोएम और आर्मी चीफ ऑफ स्टाफ रैंडी जॉर्ज जैसे अधिकारियों को हटाए जाने के बाद पटेल का नाम अगले लिस्ट में आने की बात कही जा रही है।
हालांकि, व्हाइट हाउस ने पहले ऐसी रिपोर्ट्स को फेक न्यूज बताते हुए खारिज किया था और ट्रंप ने पटेल की तारीफ की थी। लेकिन ताजा रिपोर्ट्स में प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी चल रही होने का संकेत मिल रहा है।
आर्मी सचिव डेनियल ड्रिस्कॉल की भी चर्चा
आर्मी सचिव डेनियल ड्रिस्कॉल को भी हटाए जाने की अटकलें हैं। हाल के विवादों में डिफेंस सेक्रेटरी पेट हेगसेथ ने कुछ आर्मी अधिकारियों को प्रमोशन लिस्ट से हटाने का फैसला लिया था। ड्रिस्कॉल ने शुरू में इसका विरोध किया था, लेकिन बाद में हेगसेथ ने खुद यह कदम उठाया।
इसके अलावा, आर्मी के पब्लिक अफेयर्स चीफ को हटाने जैसे फैसलों में ड्रिस्कॉल की भूमिका पर सवाल उठे हैं। रिपोर्ट्स में कहा गया कि पेंटागन में बड़े पैमाने पर सफाई चल रही है और ड्रिस्कॉल भी इसके दायरे में आ सकते हैं।
क्यों हो रहे हैं ये बदलाव?
ट्रंप प्रशासन का कहना है कि ये बदलाव स्वच्छ और वफादार प्रशासन बनाने के लिए जरूरी हैं। लेकिन आलोचक इसे राजनीतिक प्रतिशोध और अस्थिरता बताते हैं। एफबीआई और पेंटागन जैसे संवेदनशील विभागों में विशेषज्ञता की कमी का खतरा भी जताया जा रहा है। अंतिम फैसला ट्रंप के हाथ में है। अमेरिकी राजनीति में ऐसे फेरबदल आम हैं, लेकिन इस बार की गति काफी तेज बताई जा रही है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 3 April 2026 at 11:57 IST