नाबालिग बेटी के साथ किया यौन शोषण, शिकायत करने पर पत्नी और बच्ची की कर दी हत्या... जघन्य अपराध के लिए शख्स को 150 साल की सजा

अलास्का के पूर्व सुधार अधिकारी जालोनी ब्लैकशियर ने 2022 में अपनी पत्नी और 14 साल की बेटी की हत्या कर दी थी। बेटी ने यौन शोषण की शिकायत की थी, जिसके बाद पिता ने दोनों को गोली मारी। न्यूयॉर्क से गिरफ्तार होने के बाद जून 2026 में अदालत ने उसे 150 साल की जेल की सजा सुनाई।

मृतक मां-बेटी और हत्या का दोषी जालोनी ब्लैकशियर | Image: Anchorage Police Department

उत्तर अमेरिका में अलास्का के एंकरेज शहर में एक पूर्व सुधार अधिकारी को अपनी पत्नी और छोटी बेटी की हत्या के मामले में 150 साल जेल की सजा मिली है। यह घटना 2022 की है और अब अदालत ने फैसला सुनाया है।

मार्च 2022 में 14 साल की Jayla Blackshear ने पुलिस को बताया कि उसे यौन शोषण का शिकार बनाया गया है। उसने अपराधी का नाम नहीं बताया। जांच में उसके पिता जालोनी ब्लैकशियर (Jalonni Blackshear) संदिग्ध पाए गए।

जालोनी ने अपनी पत्नी रेचिल ब्लैकशियर (Raechyl Blackshear) को समझाया कि वह बेटी को पुलिस स्टेशन ले जाए और शिकायत वापस ले ले। 3 अप्रैल 2022 को रेचिल बेटी को पुलिस के पास ले गईं। उसके बाद मां-बेटी दोनों गायब हो गईं।

हत्या कैसे हुई?

4 अप्रैल 2022 की सुबह जालोनी ने घर में घुसकर अपनी पत्नी रेचिल और बेटी जयला दोनों के सिर में गोली मारकर हत्या करदी। 6 अप्रैल को जालोनी अलास्का से बाहर चला गया। उसने पत्नी और बेटी के मोबाइल फोन अपने साथ ले लिए और उनके नाम से मैसेज भेजने लगा। इससे लगता था कि दोनों जिंदा हैं। उसने अपनी नौकरी से भी इस्तीफा दे दिया।

पुलिस ने कैसे पकड़ा?

15 अप्रैल 2022 को रेचिल अपनी डॉक्टर की अपॉइंटमेंट पर नहीं पहुंचीं। पुलिस उनके घर पहुंची तो ऊपर वाले कमरे में दोनों मां-बेटी की लाशें मिलीं। पुलिस ने फोन ट्रैक करके जालोनी को न्यूयॉर्क के स्टेटन आइलैंड से गिरफ्तार कर लिया।

150 साल जेल की सजा

मई 2022 में जालोनी पर हत्या, यौन शोषण और कई अन्य गंभीर आरोप लगाए गए। जनवरी 2026 में उसे पत्नी की हत्या और बेटी की हत्या के आरोप में दोषी मान लिया गया। बाकी आरोप हटा दिए गए। 2 जून 2026 को एंकरेज सुपीरियर कोर्ट के जज गार्टन ने सजा सुनाई। जालोनी को पत्नी की हत्या के लिए 75 साल और बेटी की हत्या के लिए 75 साल की सजा दी गई। दोनों सजाएं एक के बाद एक काटनी होंगी। कुल मिलाकर जालोनी ब्लैकशियर को 150 साल जेल की सजा सुनाई गई है।

ये भी पढ़ें: कंडोम का पैकेट, शराब की बोतल और 1.77 करोड़ रुपये कैश... पश्चिम बंगाल के स्कूल में छापेमारी के बाद मिले अय्याशी के सबूत

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 11 June 2026 at 19:46 IST