अपडेटेड 22 January 2025 at 15:10 IST
अगर पुतिन बातचीत नहीं करते हैं तो रूस पर प्रतिबंध संभव, राष्ट्रपति ट्रंप की दो टूक
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि वह अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन से कभी भी मिलने को तैयार हैं।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि वह अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन से कभी भी मिलने को तैयार हैं, लेकिन साथ ही उन्होंने आगाह किया कि अगर रूस, यूक्रेन के मुद्दे पर बातचीत के लिए आगे नहीं आता है तो रूस पर प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।
यह पूछे जाने पर कि अगर पुतिन बातचीत के लिए आगे नहीं आते हैं तो क्या अमेरिका रूस पर और भी प्रतिबंध लगाएगा तो ट्रंप ने कहा, ‘‘ऐसा ही लगता है।’ ट्रंप ने कहा, ‘‘संघर्ष कभी शुरू ही नहीं होना चाहिए था। मुझे लगता है आपके पास एक सक्षम राष्ट्रपति नहीं था..., अगर होता तो युद्ध नहीं होता। अगर मैं राष्ट्रपति होता तो यूक्रेन में युद्ध कभी नहीं होता।’’
रूस कभी यूक्रेन में नहीं जाता-ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘रूस कभी यूक्रेन में नहीं जाता। पुतिन और मेरे बीच बहुत अच्छी और मजबूत समझ थी। ऐसा कभी नहीं होता। उन्होंने जो बाइडन का अनादर किया। उन्होंने लोगों का भी अनादर किया। वह स्मार्ट हैं। वह समझते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा, पश्चिम एथिया में भी यह सब कभी नहीं होता क्योंकि ईरान काफी कमजोर था। ’’
पुतिन से कभी भी मिलने के लिए तैयार--ट्रंप
एक सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा कि वह पुतिन से कभी भी मिलने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, ‘‘जब भी वह चाहेंगे, मैं उनसे मिलूंगा। लाखों लोगों की जान जा रही है जिनमें अधिकतर सैनिक हैं... यह एक भयानक स्थिति है। बहुत से लोग मारे जा चुके हैं और शहर तबाह हो चुके हैं।’’ यह पूछे जाने पर कि क्या अमेरिका यूक्रेन को हथियार भेजना जारी रखेगा, या वह जल्द ही यह बंद कर देगा, ट्रंप ने कहा कि वह इस मामले को देख रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हम मामले को देखेंगे। हम (वोलोदिमीर) जेलेंस्की से बात कर रहे हैं। हम बहुत जल्द राष्ट्रपति पुतिन से बात करने जा रहे हैं, और हम देखेंगे कि आगे क्या किया जाता है।’’ट्रंप ने यह भी कहा कि यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने उनसे कहा कि वे शांति चाहते हैं।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 22 January 2025 at 15:10 IST