अपडेटेड 10 July 2025 at 07:32 IST

बदला ले रहे ट्रंप? ब्राजील पर लगाया 50% का भारी भरकम टैक्स तो भड़के राष्ट्रपति लूला, कहा- हम भी जवाब देंगे

Brazil on Trump Tariff: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्राजील पर 50 प्रतिशत का भारी भरकम टैक्स लगाने का ऐलान किया, जिस पर राष्ट्रपति लूला का भी जवाब आया है। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका ने एकतरफा तरीके से आयात शुल्क बढ़ाया, तो ब्राजील भी इसके जवाब में कदम उठाएगा।

Brazil President Lula on Trump Tariff | Image: AP

Trump Tariff: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई देशों पर टैरिफ बम फोड़ रहे हैं। उन्होंने ब्राजील पर 50% भारी भरकम टैक्स लगाने का ऐलान किया, जिस पर राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा भड़क गए और उन्होंने पलटवार की चेतावनी दे डाली है।

ट्रंप ने यह कदम ऐसे समय पर उठाया जब उनके और ब्राजील के राष्ट्रपति लूला के बीच जुबानी जंग छिड़ी हुई है। हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति ने ब्रिक्स देशों पर 10 परर्सेंट एक्स्ट्रा टैक्स लगाने की धमकी दी थी, जिस पर ब्राजील के राष्ट्रपति ने कहा कि दुनिया को किसी सम्राट की जरूरत नहीं है। उन्हें खुद को पूरी दुनिया का बादशाह समझना बंद करना चाहिए।

ट्रंप ने कई और देशों पर फोड़ा टैरिफ बम 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कई देशों पर टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। बीते दिनों उन्होंने 14 देशों पर नया टैक्स लगाया था। बुधवार को उन्होंने एक अगस्त से 7 और देशों पर टैरिफ लगाने की घोषणा की। इनमें फिलीपींस, ब्रुनेई, अल्जीरिया, मोल्दोवा, इराक और लीबिया के नाम शामिल हैं।

अपने दोस्त बोल्सनारो पर कार्रवाई का बदला ले रहे ट्रंप? 

उन्होंने ब्राजील पर 50 प्रतिशत भारी भरकम टैक्स लगाने की घोषणा की है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर राष्ट्रपति लूला को लिखी चिट्ठी भी शेयर की। इसमें उन्होंने कहा कि वे पूर्व ब्राजीलियाई राष्ट्रपति जेयर बोल्सनारो को जानते हैं और उनका सम्मान करते हैं। उनके खिलाफ चल रहा मुकदमा ब्राजील के लिए एक अंतरराष्ट्रीय शर्मिंदगी है। यह एक तरह "विच हंट" है।

ट्रंप ने अपने बयान में यह भी कहा है कि ब्राजील में फ्री इलेक्शन पर हमला किया जा रहा है और अमेरिकी लोगों की अभिव्यक्ति की आजादी को कंट्रोल किया जा रहा है। इसलिए 1 अगस्त से ब्राजील से अमेरिका आने वाले सभी उत्पादों पर 50% टैरिफ लगाया जाएगा।

ब्राजील के राष्ट्रपति ने दिया ट्रंप को जवाब

ट्रंप के 50 प्रतिशत टैक्स के ऐलान पर ब्राजील के राष्ट्रपति ने कड़ा आर्थिक प्रतिकार की चेतावनी दी है। उन्होंने ट्रंप के आरोपों को झूठा बताया और दो टूक कहा कि अगर अमेरिका ने एकतरफा तरीके से आयात शुल्क बढ़ाया, तो ब्राजील भी इसके जवाब में कदम उठाएगा। उन्होंने कहा कि ब्राजील एक संप्रभु राष्ट्र है, जिसके पास स्वतंत्र संस्थाएं हैं और वह किसी भी प्रकार के संरक्षण को स्वीकार नहीं करेगा।

इससे पहले ट्रंप ने ब्रिक्स की हाल ही में हुई समिट के बाद इसमें शामिल देशों को चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि जो भी देश ब्रिक्स की अमेरिका विरोधी नीतियों से खुद को जोड़ेंगे, उन पर 10 परर्सेंट एक्स्ट्रा टैरिफ लगाया जाएगा।

ट्रंप की इन धमकियों पर ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा ने करारा जवाब दिया था। उन्होंने साफ संदेश देते हुए कहा कि दुनिया बदल चुकी है। हम सम्राट नहीं चाहते। हम संप्रभु राष्ट्र हैं। लूला के यह भी कहा कि ब्रिक्स वैश्विक अर्थव्यवस्था को व्यवस्थित करने के नए तरीके तलाश रहा है। मेरा मानना है कि यही वजह है कि लोग इससे असहज महसूस कर रहे हैं।

ट्रंप ने इन देशों पर भी लगाया टैरिफ

बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 7 और देशों पर टैरिफ लगाने का ऐलान किया था। इसमें फिलीपींस से लेकर श्रीलंका समेत कई देश शामिल थे। जानिए ट्रंप ने किन देशों पर कितना टैरिफ लगाया है...

फिलीपींस: 25%
ब्रुनेई: 25%
अल्जीरिया: 30%
मोल्दोवा: 25%
इराक: 30%
लीबिया: 30%
श्रीलंका: 30%

यह भी पढ़ें: Sabih Khan: कौन हैं भारतीय मूल के सबीह खान? जो बन Apple के COO, टीम कुक ने तारीफ में पढ़े कसीदे; भारत के इस शहर से कनेक्शन

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 10 July 2025 at 07:32 IST