अपडेटेड 26 March 2026 at 13:10 IST

गले में तेज दर्द और 70 से अधिक म्यूटेशन, 25 अमेरिकी राज्यों में फैला कोविड का नया वैरिएंट 'सिकाडा', क्या है खतरा और बचाव?

अमेरिका के 25 राज्यों में फैला नया कोविड वैरिएंट। यह वैरिएंट गले में तेज दर्द समेत आम कोविड लक्षण पैदा कर रहा है। इसमें 70-75 म्यूटेशन हैं, जिससे पुरानी इम्यूनिटी कमजोर हो सकती है।

अमेरिका में बढ़ा कोविड का खतरा | Image: AP

अमेरिका में एक नया कोविड-19 वैरिएंट तेजी से फैल रहा है। इसका नाम BA.3.2 है और इसे 'सिकाडा स्ट्रेन' (Cicada Strain) कहा जा रहा है। यह वैरिएंट पहले दक्षिण अफ्रीका में नवंबर 2024 में पाया गया था। जून 2025 में यह अमेरिका में एक ट्रैवलर के जरिए पहुंचा।

सिकाडा एक तरह का कीड़ा होता है जो लंबे समय तक छिपा रहता है और फिर अचानक सामने आ जाता है। इसी तरह यह वैरिएंट भी काफी समय तक कम नजर आया और अब अचानक ज्यादा मामलों में दिखने लगा। इसलिए इसे सिकाडा स्ट्रेन नाम दिया गया है।

अमेरिका में कहां-कहां फैला है?

अब तक यह वैरिएंट अमेरिका के 25 राज्यों में सीवेज पानी सैंपल और मरीजों के टेस्ट में पाया गया है। इन राज्यों में कैलिफोर्निया, कनेक्टिकट, फ्लोरिडा, हवाई, आइडाहो, इलिनोइस, लुइसियाना, मेन, मिशिगन, मैरीलैंड, मासाचुसेट्स, मिसौरी, न्यू हैम्पशायर, न्यू जर्सी, नेवाडा, न्यूयॉर्क, ओहियो, पेंसिल्वेनिया, रोड आइलैंड, साउथ कैरोलिना, टेक्सास, यूटाह, वर्मोंट, वर्जीनिया और वायोमिंग शामिल है।

नए वैरिएंट के केस इससे भी अधिक बो सकते हैं, क्योंकि कई जगहों पर टेस्टिंग और जीनोमिक निगरानी कम है। अभी तक कोई सबूत नहीं है कि यह वैरिएंट पुराने वैरिएंट्स से ज्यादा खतरनाक या गंभीर बीमारी पैदा कर रहा है।

नए कोविड तेजी के लक्षण क्या हैं?

इस वैरिएंट के लक्षण आम कोविड लक्षणों जैसे ही हैं। खास बात यह है कि गले में बहुत तेज दर्द ज्यादा लोगों को हो रहा है। बाकी आम लक्षण हैं।

  • गले में खराश या दर्द
  • खांसी
  • बुखार या ठंड लगना
  • थकान
  • सिरदर्द
  • मांसपेशियों या शरीर में दर्द
  • नाक बंद होना या बहना
  • स्वाद या सूंघने की क्षमता कम होना
  • उल्टी या दस्त
  • सांस फूलना

वैक्सीन कितनी असरदार है?

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) का कहना है कि मौजूदा कोविड वैक्सीन और दवाएं गंभीर बीमारी से बचाव में अभी भी मदद कर सकती हैं। लेकिन इस वैरिएंट में स्पाइक प्रोटीन में 70 से 75 म्यूटेशन पाए गए हैं, जिसकी वजह से यह पहले संक्रमण या वैक्सीन से बनी पुरानी इम्यूनिटी को कुछ हद तक चकमा दे सकता है।

क्या यह और फैलेगा?

विशेषज्ञों का मानना है कि यह वैरिएंट गर्मियों में कोविड केस बढ़ा सकता है और अमेरिका में सबसे आम वैरिएंट बन सकता है, लेकिन यह पक्का नहीं है। यह अभी भी विकसित हो रहा है और इसके दो सब-लाइनेज BA.3.2.1 और BA.3.2.2 पाए गए हैं।

क्या सावधानी बरतें?

  • हाथ बार-बार धोएं
  • भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनें अगर जरूरी लगे
  • बीमार महसूस होने पर टेस्ट करवाएं और डॉक्टर से सलाह लें
  • अगर आप हाई रिस्क ग्रुप में हैं (बुजुर्ग, बीमारी वाले) तो डॉक्टर से वैक्सीन अपडेट के बारे में पूछें

यह वैरिएंट दुनिया भर में निगरानी का विषय बना हुआ है। वैज्ञानिक लगातार इसकी निगरानी कर रहे हैं ताकि कोई नई समस्या आने से पहले तैयारी की जा सके। अभी यह वैरिएंट ज्यादा गंभीर नहीं माना जा रहा है, लेकिन सतर्क रहना हमेशा अच्छी है।

ये भी पढ़ें: Tamil Nadu Elections 2026: तिरुचिरापल्ली में चुनाव बहिष्कार का ऐलान, 16 साल से ना बिजली, ना शौचालय

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 26 March 2026 at 11:59 IST