अपडेटेड 6 February 2026 at 11:38 IST
'तुरंत ईरान से निकलें, सरकारी मदद पर निर्भर न रहें', ओमान में बैठक से पहले अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी, दी ये सलाह
US Advisory: बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने अपने नागरिकों को तुरंत ईरान देश छोड़ने की चेतावनी दी है। इस बीच शुक्रवार, 6 फरवरी को ओमान की राजधानी मस्कट में अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर महत्वपूर्ण वार्ता भी होने जा रही है, जिस पर दुनियाभर की नजरें टिकी हैं।
US-Iran news: ओमान में शुक्रवार (6 फरवरी) को होने वाली बैठक से पहले अमेरिका ने अपने देश के नागरिकों को तुरंत ईरान छोड़ने को कहा है। यूएस वर्चुअल एम्बेसी (Virtual U.S. Embassy in Iran) ने एक एडवाइजरी जारी कर अमेरिकी नागरिकों को तुरंत देश छोड़ने की सख्त चेतावनी दी है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या मस्कट में होने वाली बैठक विफल होने पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कोई बड़ा कदम उठाने वाले हैं?
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची आज ओमान की राजधानी मस्कट में अमेरिकी अधिकारियों के साथ परमाणु कार्यक्रम को लेकर महत्वपूर्ण वार्ता कर रहे हैं, जिस पर दुनिया की नजरें टिकी हैं। बैठक ऐसे समय में हो रही है जब ट्रंप ने ईरान पर सैन्य कार्रवाई की खुली धमकी दी हुई है। ट्रंप की इन चेतावनियों की वजह से दोनों देशों के बीच तनाव का माहौल लगातार बढ़ता जा रहा है।
अपने नागरिकों को अमेरेिका ने ईरान छोड़ने को कहा
इस बीच ईरान में अमेरिका के वर्चुअल दूतावास ने अमेरिकी नागरिकों के लिए यह एडवाइजरी जारी कर दी है। इसमें कहा गया, "सुरक्षा के कड़े इंतजाम, सड़कों का बंद होना, सार्वजनिक परिवहन में व्यवधान और इंटरनेट पर रोक जारी है। ईरान सरकार मोबाइल, लैंडलाइन और राष्ट्रीय इंटरनेट नेटवर्क तक पहुंच को प्रतिबंधित करना जारी रखे हुए है। एयरलाइंस ईरान से आने-जाने वाली उड़ानों को सीमित या रद्द करना जारी हैं।"
इसमें आगे कहा गया है कि अमेरिकी नागरिकों को इंटरनेट की निरंतर रुकावटों के लिए तैयार रहना चाहिए, संचार के वैकल्पिक साधनों की योजना बनानी चाहिए और अगर ऐसा करना सुरक्षित हो तो ईरान से सड़क मार्ग से आर्मेनिया या तुर्की जाने पर विचार करना चाहिए।
‘अमेरिकी सरकार की मदद पर निर्भर न हो’
एडवाइजरी में कहा गया, “ईरान से तुरंत निकल जाइए। ईरान से निकलने की ऐसी योजना बनाएं जो अमेरिकी सरकार की मदद पर निर्भर न हो। बिना किसी पूर्व सूचना के उड़ानें रद्द हो सकती हैं या उनमें व्यवधान आ सकता है। अपडेट के लिए सीधे अपनी एयरलाइन से संपर्क करें। अगर आप नहीं निकल सकते, तो अपने घर या किसी अन्य सुरक्षित इमारत में सुरक्षित स्थान ढूंढें। अपने पास भोजन, पानी, दवाइयां और अन्य आवश्यक वस्तुएं रखें।
अमेरिकी लोगों को एडवाइजरी में सलाह दी गई कि वो प्रदर्शनों से बचें, सतर्क रहें और अपने आस-पास के माहौल पर नजर रखें। ताजा खबरों के लिए स्थानीय मीडिया पर नजर रखें। अपनी योजनाओं में बदलाव के लिए तैयार रहें।
साथ ही इसमें अमेरिकी-ईरानी दोहरी नागरिकता वाले लोगों के लिए मुश्किल होने की बात कही गई। कहा गया कि ऐसे लोगों को ईरानी पासपोर्ट पर देश से बाहर निकलना होगा, क्योंकि ईरान दोहरी नागरिकता को मान्यता नहीं देता है। अमेरिकी पासपोर्ट दिखाने पर ईरानी अधिकारी हिरासत में ले सकते हैं। ऐसे में वह अमेरिका से अपना संबंध दिखाने से बचते हुए ईरान से निकलें।
ओमान में आज अमेरिका और ईरान की मीटिंग
ओमान में होने वाली यह बैठक अहम मानी जा रही है। मीटिंग में ईरान के परमाणु और मिसाइल कार्यक्रमों पर चर्चा की जानी है। इस बैठक की मेजबानी ओमान के विदेश मंत्री बदर अल बुसैदी करेंगे। इसमें ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और अमेरिका की ओर से जेरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ शामिल होंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बार-बार चेतावनी दी है कि जब तक ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम पर किसी समझौते पर सहमत नहीं होता, तब तक "बुरी चीजें" हो सकती हैं। अमेरिकी ने पश्चिम एशिया में अपने विमान वाहक और अन्य सैन्य ताकतें भी भेजी हैं।
दोनों पक्ष बैठक के एजेंडा को लेकर असहमत हैं। ईरान सिर्फ न्यूक्लियर प्रोग्राम पर बात करना चाहता है। उसकी ओर से साफ किया गया है कि वह अपनी बैलिस्टिक मिसाइलों या इलाके से जुड़े दूसरे मुद्दों पर बात नहीं करेगा। जबकि अमेरिका चाहता है कि बातचीत का दायरा बड़ा हो। अगर वार्ता नाकाम होती है, तो पश्चिम एशिया के कई देशों पर संकट गहरा सकता है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 6 February 2026 at 11:38 IST