अपडेटेड 4 February 2026 at 08:10 IST

अमेरिका संग ट्रेड डील के बाद वॉशिंगटन में मार्क रुबियो से मिले विदेश मंत्री जयशंकर, इन मुद्दों पर की बातचीत

Jaishankar- Mark Rubio meeting: भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील के बाद जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्क रुबियो संग मुलाकात की है। जयशंकर फिलहाल वॉशिंगटन दौरे पर हैं।

जयशंकर की मार्क रुबियो संग मुलाकात | Image: X

India-US news: भारत और अमेरिका के बीच हुए ऐतिहासिक व्यापार समझौते के बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मार्क रोबियो से मुलाकात की। जयशंकर इस वक्त वॉशिंगटन दौरे पर हैं, जहां वो अमेरिकी विदेश मंत्री से मिले। इस दौरान दोनों देशों के विदेश मंत्रियों ने ट्रेड डील के बाद पहली बैठक की। इसके अलावा उन्होंने अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट संग भी मीटिंग की।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर 2 फरवरी से 4 फरवरी तक अमेरिका के दौरे पर हैं। वे वहां महत्वपूर्ण खनिजों पर एक मंत्रिस्तरीय बैठक में भाग लेने और अमेरिकी प्रशासन के वरिष्ठ सदस्यों के साथ चर्चा करने के लिए गए हैं।

दोनों नेताओं ने व्यापार समझौते का किया स्वागत 

अमेरिकी विदेश विभाग के प्रधान उप प्रवक्ता टॉमी पिगोट ने एक बयान जारी कर बताया कि विदेश मंत्री जयशंकर और विदेश मंत्री रुबियो ने महत्वपूर्ण खनिजों की खोज, खनन और प्रसंस्करण पर सहयोग को औपचारिक रूप देने पर चर्चा की। उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच हुए व्यापार समझौते का स्वागत किया। वहीं, दोनों नेताओं ने नए आर्थिक अवसरों को खोलने और हमारे साझा ऊर्जा सुरक्षा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए हमारे लोकतंत्रों के एक साथ मिलकर काम करने के महत्व पर जोर दिया।

बयान में आगे बताया कि सचिव रुबियो और मंत्री जयशंकर ने QUAD के जरिए द्विपक्षीय और बहुपक्षीय सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अपनी बैठक खत्म की। उन्होंने स्वीकार किया कि हमारे साझा हितों को आगे बढ़ाने के लिए एक समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र अत्यंत महत्वपूर्ण है।

जयशंकर ने जताई खुशी

अपनी मुलाकात के बाद, विदेश मंत्री जयशंकर ने X पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें रुबियो से मिलकर 'बहुत खुशी' हुई और बताया कि दोनों पक्षों ने भारत-अमेरिका के 'द्विपक्षीय सहयोग एजेंडा, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों' पर बातचीत की।

विदेश मंत्री ने अपने पोस्ट में कहा, "आज दोपहर अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो से मिलकर बेहद खुशी हुई। द्विपक्षीय सहयोग के एजेंडे, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी के जिन पहलुओं पर बात हुई उनमें व्यापार, ऊर्जा, परमाणु, रक्षा, महत्वपूर्ण खनिज और प्रौद्योगिकी शामिल थे। साझा हितों को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न तंत्रों की शीघ्र बैठकें करने पर सहमति बनी।"

विदेश मंत्री रुबियो ने X पर यह भी बताया, " भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर से मुलाकात कर महत्वपूर्ण खनिज अन्वेषण पर द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा की और दोनों देशों के बीच नए आर्थिक अवसरों को खोलने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया। हमने अमेरिका और भारत के बीच हुए व्यापार समझौते की भी सराहना की।"

ट्रंप ने किया ट्रेड डील का ऐलान

विदेश मंत्री एस जयशंकर 4 फरवरी को आयोजित होने वाली क्रिटिकल मिनरल्स मिनिस्टीरियल में भाग लेने वाले हैं। उनकी अमेरिकी विदेश मंत्री मार्क रुबियो संग मुलाकात भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील के ऐलान के एक दिन बाद हुई है। सोमवार (2 फरवरी) को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस ऐतिहासिक डील की घोषणा की थी। साथ ही उन्होंने यह ऐलान भी किया कि भारत पर लगाया गया टैरिफ भी कम किया जा रहा है। ट्रंप ने टैरिफ घटाकर 18% करने की घोषणा की।

यह भी पढ़ें: पहले EU के साथ 'मदर ऑफ ऑल' फिर अमेरिका के साथ ट्रेड डील... PM मोदी के एक सप्ताह में दो अहम समझौते से भारत को क्या होगा हासिल?

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 4 February 2026 at 08:10 IST