'ट्रंप नोबेल शांति पुरस्कार के हकदार', मुलाकात के बाद नेतन्याहू ने अमेरिकी राष्ट्रपति को किया नॉमिनेट, PAK भी कर चुका है नामित
Donald Trump- Benjamin Netanyahu: पाकिस्तान के बाद अब इजरायल ने भी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार देने की मांग उठाई है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि ट्रंप इसके हकदार हैं। इससे पहले पाकिस्तान भी उन्हें नॉमिनेट कर चुका है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
Nobel Peace Prize for Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार देने की मांग उठ रही है। पहले पाकिस्तान और उसके बाद अब इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ट्रंप को नोबेल पीस प्राइज के लिए नॉमिनेट कर दिया है। नेतन्याहू ने कहा कि वे इसके हकदार हैं। इस दौरान उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति को नोबेल पुरस्कार समिति को भेजा गया पत्र भेंट भी किया।
दरअसल, गाजा में संघर्ष विराम की कोशिशों के बीच इजरायली प्रधानमंत्री अमेरिका पहुंचे। यहां ट्रंप संग मुलाकात के बाद उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति को नोबेल पुरस्कार देने की मांग उठाई।
नेतन्याहू ने ट्रंप को दिखाई चिट्ठी
प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने ट्रंप से कहा, "मैं आपको नोबेल पुरस्कार समिति को भेजा गया पत्र प्रस्तुत करना चाहता हूं। इसमें आपको शांति पुरस्कार के लिए नामित किया गया है, जिसके आप हकदार हैं और आपको यह मिलना चाहिए।" इसके लिए ट्रंप ने उनका शुक्रिया भी अदा किया।
ट्रंप ने फिर किया भारत-पाकिस्तान सीजफायर का किया जिक्र
इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक बार फिर कई युद्ध रोकने का दावा किया। वे भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर का एक और बार क्रेडिट लेते दिखे। ट्रंप ने कहा, "हमने बहुत सी लड़ाइयां रोकी हैं, इनमें से बहुत बड़ी लड़ाई भारत और पाकिस्तान के बीच थी। हमने व्यापार को लेकर उसे रोका है। हम भारत और पाकिस्तान के साथ काम कर रहे हैं। हमने कहा था कि अगर आप लड़ने वाले हैं तो हम आपके साथ बिल्कुल भी काम नहीं करेंगे। वे शायद परमाणु स्तर पर थे। इसे रोकना वास्तव में महत्वपूर्ण था।"
बता दें कि इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अपनी पत्नी सारा के साथ डिनर के लिए व्हाइट हाउस पहुंचे थे। इस दौरान वे ट्रंप की जमकर तारीफ करते दिखे। उन्होंने कहा कि इजरायल, यहूदी और दुनियाभर के तमाम लोग उनकी प्रशंसा करते हैं। आपने न केवल फ्री वर्ल्ड का नेतृत्व किया, बल्कि न्याय के पक्ष में और शांति व सुरक्षा की दिशा में मजबूत कदम उठाए हैं।
पाकिस्तान भी कर चुका है नॉमिनेट
इससे पहले पाकिस्तान ने भी डोनाल्ड ट्रंप को नोबेल पीस प्राइज के लिए नॉमिनेट किया है। जब पाकिस्तान के आर्मी चीफ असीम मुनीर अमेरिका के दौरे पर गए थे, तब उन्होंने ट्रंप को नोबेल पुरस्कार देने की मांग की। इतना ही नहीं पाकिस्तानी सरकार ने आधिकारिक तौर पर अमेरिकी राष्ट्रपति को इसके लिए नॉमिनेट भी किया था। इसको लेकर जारी ऑफिशियल स्टेटमेंट में कहा गया कि ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान दोनों से बात कर संघर्षविराम में अहम भूमिका निभाई है, जिससे दो न्यूक्लियर ताकत वाले देशों के बीच युद्ध की आशंका टल गई।
वहीं, पहले डोनाल्ड ट्रंप दुनियाभर में कई मोर्चों पर चल रहे युद्ध को रुकवाने का दावा कर चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि इसके बाद भी उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा था कि चाहे मैं कुछ भी करूं, मुझे नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिलेगा।
यह भी पढ़ें: ‘आतंक पर दोहरा मापदंड नहीं चलेगा’ पहलगाम हमले पर BRICS की एकजुट ललकार, PM मोदी बोले- शह देने वालों को सजा जरूरी
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 8 July 2025 at 07:21 IST