हिमांशु भाऊ के बाद नीरज फरीदपुरिया भी चढ़ा FBI के हत्थे, दोनों गैंगस्टर अमेरिका में रह रहे थे साथ; हत्या-रंगदारी के केस में लंबे समय से थी तलाश
भारतीय जांच एजेंसियों के सूत्रों के मुताबिक हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया दोनों एक साथ अमेरिका में रह थे। FBI ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। भारत में कई राज्यों की पुलिस को हत्या-रंगदारी के केस में लंबे समय से इनकी तलाश थी।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
हरियाणा का कुख्यात गैंगस्टर और हिस्ट्रीशीटर नीरज फरीदपुरिया को अमेरिका के लास वेगास से गिरफ्तार कर लिया गया है। यह गिरफ्तारी भारत के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ की अमेरिका में गिरफ्तारी के ठीक बाद हुई है। दोनों की गिरफ्तारी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) द्वारा की गई है। नीरज पर दिल्ली हरियाणा और पंजाब में हत्या, रंगादारी समेत 25 से ज्यादा मुकदमे दर्ज है। हिमांशु और नीरज दोनों एक दूसरे के बेहद करीबी है।
भारतीय जांच एजेंसियों के सूत्रों के मुताबिक हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया दोनों एक साथ अमेरिका में रह थे। FBI ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। नीरज फरीदपुरिया हरियाणा के पलवल जिले के फरीदपुर गांव का रहने वाला है, जिस पर मर्डर-रंगदारी समेत कई मामले दर्ज है। तीनों राज्यों की पुलिस को लंबे समय से इसकी तलाश थी।
कांग्रेस नेता विकास चौधरी की हत्या का आरोप
नीरज फरीदपुरिया का नाम भी एल्विश यादव के घर हुई फायरिंग मामले में सामने आया था। कुख्यात गैंगस्टर उस वक्त सबसे ज्यादा चर्चा में आया था जब उसके ऊपर कांग्रेस नेता विकास चौधरी की हत्या का आरोप लगा था। इसके बाद उसके ऊपर फरीदाबाद में बीजेपी नेता विनोद भाटी के दफ्तर पर फायरिंग करा कर रंगदारी मांगने का भी आरोप लगा था।
बंबीहा गैंग का सरगना है नीरज फरीदपुरिया
हरियाणा एसटीएफ के इनपुट पर अमेरिकी एजेंसियों ने नीरज फरीदपुरिया को धर दबोचा। नीरज बंबीहा गैंग का सरगना है और लॉरेंस बिश्नोई गैंग का जानी दुश्मन माना जाता है। उसके खिलाफ हत्या, फिरौती, रंगदारी और जबरन वसूली जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। विदेश में बैठकर वह वसूली सिंडिकेट चलाता था।
हिमांशु और नीरज मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल
हिमांशु भाऊ की तरह नीरज फरीदपुरिया भी हरियाणा पुलिस की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल था। अप्रैल 2025 में कुरुक्षेत्र के एसपी चंद्रमोहन ने कहा था कि नीरज को भारत वापस लाने में कुछ समय लग सकता है, लेकिन उसे लाकर उससे हिसाब जरूर बराबर किया जाएगा। अब उसे अमेरिका में गिरफ्तार कर लिया गया है और भारत लाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
दोनों को भारत लाने की तैयारी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों गैंगस्टरों की गिरफ्तारी से हरियाणा में सक्रिय गैंग वार और रंगदारी के मामलों में बड़ा झटका लगने की उम्मीद है। जानकारी के मुताबिक, नीरज और हिमांशु भाऊ दोनों को अमेरिका के लास वेगास से पकड़ा गया है। हरियाणा STF के इनपुट पर अमेरिका में यह कार्रवाई हुई है। अमेरिकी एजेंसी ICE की मदद से दोनों गैंगस्टर को गिरफ्तार किया गया है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 24 October 2026 at 09:28 IST